नैनीताल
जल, जंगल, जमीन के सच्चे रक्षक नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर शोक जताया
सीएन, नैनीताल। उत्तराखण्ड क्राँति दल के वरिष्ठ नेता डा. नारायण सिंह जंतवाल के असामयिक निधन से प्रदेश भर में शोक की लहर व्याप्त है। सरल व्यक्तित्व के सच्चे समाजसेवी का अचानक चले जाना अपूर्णीय सामाजिक और राजनैतिक क्षति है। आज उनके निवास पर काँग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जाकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि की और गहरा शोक प्रकट किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कहा कि उनके जाने से उत्तराखण्ड के जल, जंगल और जमीन ने अपने सच्चे रक्षक को खो दिया है। वे जीवनपर्यन्त नशामुक्ति, रोजगार और वनाधिकारों जैसे मुद्दों के लिए संघर्षरत रहे। उन्होंने कहा कि श्री जंतवाल ने कभी भी पार्टी राजनीति को अपने सामाजिक जीवन में आड़े नहीं आने दिया। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि जब वे विधान सभा अध्यक्ष थे तब विधान सभा में उनका अपने क्षेत्र की समस्याओं की जबरदस्त पैरवी करना मुझे हतप्रभ कर देता था और पूरी सभा उनके विचारों को पूरे सम्मान के साथ श्रवण करती थी। उन्होंने कहा कि यूकेडी के संस्थापक सदस्य श्री जंतवाल का जीवन संघर्षपूर्ण रहा। उनके जीवट व्यक्तित्व और राजनैतिक जिजिविषा ने उन्हें हमेशा एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप स्थापित किया और उन्हे उनके निष्कपट राजनैतिक जीवन में उच्च स्थान प्रादान किया। इस शोकाकुल घड़ी में काँग्रेस पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता और सदस्यगणों ने उनके पैतृक निवास पर जाकर अपनी गहरी संवेदना प्रकट की तथा ईश्वर से पुण्य आत्मा की शाँति की प्रार्थना की। इस अवसर पर डॉ. गणेश उपाध्याय, केदार पलड़िया, इंदर आर्या, नैनीताल नगरपालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, जिला महिला अध्यक्ष खष्टी बिष्ट, मुन्नी तिवारी, विपिन सनवाल, भीमताल नगर अध्यक्ष सतीश टम्टा, डीके डालाकोटी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

















































