नैनीताल
हमारा विकल्प रहित संकल्प है उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है : सीएम धामी
सीएन, कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रा.इन्टर कॉलेज मैदान पहुॅचकर नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं-बहनों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए सम्मानित होने वाली सभी माताओं-बहनों को हृदय से बधाई देते हुए कहा कि माताओं-बहनों की ये उपलब्धियाँ हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सम्मान समारोह नहीं है, बल्कि ये उस शक्ति और साहस को नमन करने का अवसर है, जिसके बल पर हमारी मातृशक्ति ने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम में आकर स्वयं को सम्मानित अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट विजन है कि हमारी माताएँ-बहनें केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी बनकर न रहें, बल्कि देश की दिशा तय करने में अपनी नेतृत्वकारी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि यदि हम 2014 से पहले की बात करें, तो हमारे देश में महिलाओं के नाम पर राजनीति तो बहुत हुई, बड़े-बड़े वादे भी किए गए, लेकिन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बातें केवल और केवल भाषणों तक सिमटी रहीं, उनके जीवन में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जिसमें एक तिहाई आरक्षण मातृ शक्ति के लिए होने वाला है, के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान कर प्रधानमंत्री ने नीति निर्माण में आप लोगों भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है, लोकतंत्र के इतिहास में यह फैसला हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अनेक फैसलों और योजनाओं के माध्यम से प्रधानमंत्री ने मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा दी है और उनकी इसी प्रेरणा से आज देश के हर कोने में हमारी मातृशक्ति आत्मनिर्भरता की नई कहानियाँ लिख रही हैं। उन्होंने कहा कि कोई बहन ‘ड्रोन दीदी’ बनकर आसमान छू रही है, तो कोई सीमा पर डटकर देश की सुरक्षा कर रही है। ऑपरेशन सिन्दूर में दोनों बेटियों ने अपडेट देने का काम किया। कोई अपना स्टार्टअप चलाकर रोजगार दे रही है, तो कोई ग्राम पंचायत का नेतृत्व कर गाँव की तस्वीर बदल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य सरकार भी देवभूमि की मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने मातृशक्ति के इस संघर्ष एवं तप को नमन किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि मातृ शक्ति के बीच अपना बचपन याद आ जाता है। उन्होंने कहा कि अपनी माता जी को भी इसी संघर्ष में तपते देखा है। उन्होंने कहा कि माँ ने जिस तरह सीमित संसाधनों और अनेक जिम्मेदारियों के बीच परिवार को संभाला और हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, वह मेरे लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है और अपनी माँ को ही अपना आदर्श मानता हूँ। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि हमारी माताओं-बहनों की इस ताकत और योगदान के बिना उत्तराखंड की प्रगति की कल्पना तक नहीं की जा सकती, और इसीलिए हमारी सरकार ने महिलाओं को योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ उनके लिए नेतृत्व के अवसर भी बढ़ाए हैं। इसी दिशा में सरकारी सेवाओं में राज्य की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा सहकारी समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि हमारे पहाड़ की महिलाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है। किसी के हाथ में बुनाई का हुनर है, कोई अचार, मसाले और पहाड़ी उत्पाद बनाने में कुशल है, तो कोई पशुपालन और खेती के माध्यम से परिवार की आय बढ़ा रही है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के तहत अब तक करीब 700 बहनों को 6 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसी तरह प्रधानमंत्री जी के लखपति दीदी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज उत्तराखंड में लगभग 3.50 लाख से अधिक माताएँ-बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 12 हजार से अधिक महिलाएँ बैंकिंग, कृषि, पशुपालन, डिजिटल भुगतान और अन्य सामुदायिक सेवाओं से जुड़ी भूमिकाओं में काम कर रही हैं, ये बहनें गाँव-गाँव जाकर लोगों को आवश्यक सेवाएँ और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करा रही हैं। इससे एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएँ पहुँच रही हैं, तो दूसरी ओर हमारी बहनें स्वयं भी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। अपने पैरों पर खड़ी हो रही है, समाज के साथ परिवार में भी और अधिक सम्मान शुरू हो जाता है उन्होंने कहा कि जब हमारी बेटियों की बात आती है, तो उनके उज्ज्वल भविष्य से बड़ा हमारे लिए कोई संकल्प नहीं हो सकता। इसीलिए नंदा गौरा योजना के माध्यम से पात्र बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि बेटियों को आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने के भरपूर अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि हमारे उत्तराखंड की एक बहुत बड़ी ताकत हमारे स्थानीय उत्पाद हैं। चाहे वह मंडुवा हो, झंगोरा हो, पहाड़ी राजमा हो, पारंपरिक मसाले हों, जम्बू हो, शहद हो या फिर हस्तशिल्प, अपनी विशिष्ट गुणवत्ता के कारण इन उत्पादों की खास मांग है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इन्हें केवल गाँव के बाजारों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि देश और दुनिया के बड़े बाजारों में भी पहुँचाया जाए। इसी उद्देश्य से हमने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की है। इससे हमारे स्थानीय उत्पादों को पहचान, बेहतर पैकेजिंग और बड़ा बाजार देने का माध्यम है। उन्होंने प्रशन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी इस पहल से लगभग 5,500 माताएँ-बहनें सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं और आज ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने अपनी शुरुआत से अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की है। उन्होंने बताया कि हमारी माताओं-बहनों ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह सिद्ध कर दिया है कि उचित अवसर, संसाधन और सहयोग मिलने पर वे स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती हैं।, उन्होंने कहा कि हमारी माताओं-बहनों के समान नागरिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण को सुनिश्चित करने की दिशा में हमने प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने का भी ऐतिहासिक कदम उठाया है। और आज इनकी राजनीति का स्तर इतना गिर चुका है कि ये लोग हमारी बेटी अंकिता भंडारी के दुखद मामले पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी, हमारी बहन थी। उसके परिवार का दुख हम सभी का दुख है। इस मामले में न्यायालय तीनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुना चुका है। उच्च न्यायालय ने भी उनकी जमानत याचिकाएँ खारिज की हैं। चार साल से जेल से एक दिन भी बाहर नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि एसआईटी ने ईमानदारी से जांच की और सभी को सजा हुई। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनकी मांग पर हमारी सरकार ने सीबीआई जाँच की सिफारिश भी की। उन्होंने कहा कि इस मामले में हमारा रुख स्पष्ट है कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पूछा कि किसी बेटी के दुखद मामले को अपनी डूबती हुई राजनीतिक नैया बचाने का जरिया बनाना उचित है? सरकार से सवाल पूछना लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन सवाल तथ्यों के आधार पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को पुलिस, न्यायालय, एजेंसियों पर भरोसा होना चाहिए, एसआईआर पर बवाल किया। उन्होंने पूछा कि बांग्लादेशी घुसपैठियों का वोट होना चाहिए क्या? उन्होंने कहा कि सम्मान और सशक्तिकरण के साथ-साथ क्षेत्र का विकास भी हमारी प्राथमिकता है। इस अवसर कालाढूंगी के विकास से जुड़ी कुछ घोषणाएँ करते हुए कहा कि कालाढूंगी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना की जाएगी। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण कार्य किया जाएगा।कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य किया जाएगा। कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा। पर्यटन सत्र 2026-2027 में कार्बेट टाईगर रिजर्व पार्क में महिलाओं को राजगार प्रदान किये जाने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सी का पंजीकरण भी किया जायेगा। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इन सभी कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएँ और बेहतर होंगी तथा स्थानीय लोगों को इन सभी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। उन्होंने राज्य की सभी माताओं-बहनों को ये विश्वास दिलाया कि आपका यह भाई, आपका यह बेटा, आपका मामा आपके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर काम करता रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारा विकल्प रहित संकल्प है कि हमें उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, और मुझे पूरा विश्वास है कि इस संकल्प को पूरा करने में मेरी माताओं-बहनों का आशीर्वाद और सहयोग हमें यूँ ही आगे भी मिलता रहेगा। महिला शक्ति सम्मान समारोह में एशियाई मास्टर तैराकी में संतोषी गुर्रानी नमीता पाठक, निकिता सिंह, अंतर्राष्ट्रीय (तैराकी) में मोनी रावत, नेशनल मास्टर (एथलेटिक्स) में चंपा नैनवाल, टीचर (हैड) प्राथमिक में ममता गुप्ता, राष्ट्रीय खिलाड़ी में (कुश्ती, जूडो) गीतांजलि, राष्ट्रीय खिलाड़ी (खो-खो एथलेटिक्स) में हिना बिष्ट व नमिता, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (तैराकी) में भार्गवी रावत, राष्ट्रीय खिलाड़ी (कुश्ती) में डौली बिष्ट, नेशनल गेम्स में (ताईकमांडो) भूमिका जयंतवाल को सम्मान किया गया। वहीं नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन में लखपति दीदी दमयंती बिष्ट को, उद्यान विभाग द्वारा पदमा बोहरा (मशरूम उत्पादन), महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा कंचन भंडारी, जिला उद्योग विभाग द्वारा मंजू रौतेला(एंपण कला), कृषि विभाग द्वारा सावित्री गर्जाेला, वन विभाग द्वारा शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा, रूपा को क्रीडा विभाग द्वारा संतोषी गुरुरानी को एशिया (मास्टर तैराकी) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रतिभा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबीनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ.अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेन्द्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मन्जु गौड़, भावना आर्य, मनीषा जन्तवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मन्जूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय सहित क्षेत्रीय जनता व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।



















































