Connect with us

राजनीति

सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी

सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी
सीएन, नईदिल्ली।
जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगी, ऐसी खबर आम आदमी पार्टी के अंदरखाने से आने लगी है। आम आदमी पार्टी की स्थापना के दिनों से सक्रिय राजेश चौधरी के मुताबिक सुनीता केजरीवाल सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी स्वराज के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। इस सीट से आम आदमी पार्टी ने सोमनाथ भारती को मैदान में उतारा है। दूसरी तरफ मनोज तिवारी के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कन्हैया कुमार मैदान में आ रहे हैं। कुल मिलाकर विपक्ष की योजना दिल्ली में 2024 के रण को दिलचस्प बनाने की है। पिछले दिनों आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रणा की थी। इस मंत्रणा में सुनीता केजरीवाल को लेकर चर्चा और सुनीता की भूमिका काफी अहम थी। राज्यसभा सांसद संजय सिंह के जमानत पर बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान में भी खासा तेजी आने के संकेत हैं। पार्टी ने 16 अप्रैल से 23 मई तक के लिए आक्रामक चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई है। इसके लिए दिल्ली की 45 विधानसभाओं पर खास फोकस करने की योजना है। इसमें अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी, दिल्ली की जनता का अपमान और ईडी-सीबीआई के दुरुपयोग को केंद्र में रखकर प्रचार अभियान को धार देने की योजना है। सुनीता केजरीवाल के बारे में भी सूत्र बताते हैं कि वह गुजरात समेत देश के कुछ राज्यों में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के लिए प्रचार करने जा सकती हैं। ताजा चर्चा इसकी भी है कि सुनीता केजरीवाल को भी नई दिल्ली की सीट से सोमनाथ भारती के स्थान पर आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के साथ समझौते में तीन सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। चांदनी चौक से प्रणीण खंडेलवाल भाजपा के उम्मीदवार हैंए तो उनसे मुकाबले में कांग्रेस ने अपने अनुभवी नेता जयप्रकाश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। जबकि उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा के योगेंद्र चंदोलिया के मुकाबले में कांग्रेस ने उदित राज को प्रत्याशी बनाया है। उदित राज दलित नेता हैं और लगातार अपनी आवाज मजबूती से रखते हैं। योगेंद्र चंदोलिया भी प्रवीण खंडेलवाल की तरह जमीन से उठे नेता हैं। लेकिन सबसे कड़ा मुकाबला उत्तर पूर्व दिल्ली से होने की उम्मीद है। यहां से भाजपा के प्रत्याशी भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता, गायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी हैं। जवाब में कांग्रेस ने जेएनयू के पूर्व छात्र नेता कन्हैया कुमार को उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। कन्हैया कुमार न केवल युवा नेता हैंए बल्कि अपने बयानों और राजनीतिक समझ के लिए भी जाने जाते हैं। युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। नई दिल्ली लोकसभा सीट को काफी अहम माना जाता है। यहां से भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है। मां की तरह बांसुरी भी अच्छी वक्ता हैं। सुप्रीम कोर्ट की वकील भी हैं। बांसुरी से मुकाबले में सोमनाथ भारती प्रत्याशी हैं। लेकिन आम आदमी पार्टी दिल्ली में भाजपा की मुसीबत बढ़ाने के लिए अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को मैदान में उतारने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि सुनीता के मैदान में उतरने के बाद दिल्ली में लोकसभा चुनाव काफी दिलचस्प हो जाएगा। इस बार भाजपा ने अपने छह प्रत्याशियों को बदला है। पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा मैदान में हैं तो उनके मुकाबले में आम आदमी पार्टी ने कुलदीप कुमार पर भरोसा जताया है। पश्चिमी दिल्ली से भाजपा की कमलजीत सहरावत को पुराने कांग्रेसी और बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए महाबल मिश्र टक्कर दे रहे हैं। दक्षिणी दिल्ली से भाजपा ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट दिया है तो आप ने सहीराम पहलवान को मैदान में उतारा है।

More in राजनीति

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING