पर्यटन
अब पर्यटन नगरी के क्षेत्रों की निगरानी एएनपीआर कैमरों से की जायेगी : आयुक्त
सीएन, हल्द्वानी। जनपद के पर्यटन नगरी के क्षेत्रों की निगरानी एएनपीआर कैमरों से नैनीताल, भीमताल, भवाली आदि स्थानों की मानिटरिंग एआई आधारित कैमरे से की जायेगी। आयुक्त दीपक रावत आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने बताया कि विकास प्राधिकरण द्वारा 33 लाख की धनराशि से नैनीताल, भीमताल और भवाली के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को पुख्ता करने के लिए एएनपीआर कैमरों से लैस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत निगरानी की जाएगी। इससे वाहनों की गति पर नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी साथ ही शहर मे कितने वाहन प्रवेश हुये और कितने वाहन शहर से बाहर गये सभी का साइंटिफिक डाटा सेंटर में उपलब्ध रहेगा और मोबाइल से भी मानिटरिंग की जा सकेगी।
आयुक्त ने कहा कि एएनपीआर कैमरा नैनीताल शहर में जो वर्तमान में संचालित है उससे नगर पालिका द्वारा जो वाहनों से टॉल शुल्क वसूला जाता है, उसकी भी निगरानी की जा सकती है। नगर पालिका द्वारा जो टॉलटैक्स वसूला जा रहा है वह सही वसूला जा रहा है अथवा नही। आयुक्त ने पुलिस महकमे के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कैंचीधाम गेट के पास भी कैमरा 15 जून 2026 मेले से पूर्व लगाया जाए। इस कैमरे के मदद से कैंचीधाम मन्दिर में आने वाले श्रद्वालुओं का आंकलन शतप्रतिशत संख्या में किया जा सकेगा। उन्होंने गेट के पास कैमरा लगाने हेतु बैठक में ही धनराशि आवंटित की।
बैठक के दौरान शुक्रवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में पुलिस महकमे के अधिकारियों द्वारा मण्डायुक्त के सामने सरोवर नगरी नैनीताल, भवाली, कैंचीधाम में कैमरों के द्वारा वाहनों की मानिटरिंग से सम्बन्धित एक डाटा प्रेजेन्टेशन दिया गया। जिसमें पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहनों के आवागमन का विगत 24 घंटे का डाटा भी प्रस्तुत किया गया। हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन, नैनीताल से हल्द्वानी 1577 वाहन, भवाली से नैनीताल 2540 तथा नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन हुआ। इस अवसर पर एएसपी आरडी मठपाल के साथ ही पुलिस महकमे के अधिकारी उपस्थित थे।










































