उत्तराखण्ड
प्राथमिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट का मामला : विधायक काऊ व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज
सीएन, देहरादून। भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में शनिवार को उनके समर्थकों ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ दफ्तर में मारपीट की। इसमें वे घायल हो गए। निदेशक को दफ्तर में 35 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने विधायक व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने भी काऊ से मारपीट का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों पर केस दर्ज कराया है। निदेशक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि दोपहर 12:10 बजे विधायक काऊ समर्थकों के साथ दफ्तर में पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। विधायक और उनके समर्थक प्राइमरी स्कूल अस्थल का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे। निदेशक के अनुसार, इसका प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा जा चुका है। आरोप है कि निदेशक के साथ गाली-गलौच की गई। निदेशालय कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला कर्मचारियों से भी मारपीट की गई। भीड़ ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी और सामान पलट दिया। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई तो विधायक और समर्थक बाहर निकलने लगे। तभी कर्मचारियों ने मेन गेट पर ताला लगा दिया। हालांकि, भीड़ ताला तोड़कर बाहर निकल गई। निदेशक को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। उनकी आंख के पास माथे पर चार टांके लगे हैं। महिला कर्मचारी शाइदा और विमल को भी चोटें आई हैं। उधर, विधायक का आरोप है कि निदेशक के बुलाए लोगों ने तोड़फोड़ करने के साथ उन पर हमला किया।





















































