उत्तराखण्ड
यूके बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित : 10वीं का 92.10 व 12वीं का 85.11 प्रतिशत रहा परिणाम, रामनगर के अक्षत ने 98.20 फीसदी अंक हासिल कर बने टापर
सीएन, रामनगर/नैनीताल। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के दो लाख परीक्षार्थियों का इंतजार आज खत्म हो गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने परिणाम की घोषणा कर दी है। ubse.uk.gov.in uaresults.nic.in: बेव साइड में अपना परिणाम देख सकते हैं। परिणामों की घोषणा के बाद सफल छात्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कई छात्रों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया। सफल छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी जा रही हैं। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में जारी रिजल्ट में लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एक दृष्टि में कुल सम्मिलित परीक्षार्थियों में 92.10% छात्र पास हुए हैं। बालिकाओं का पास प्रतिशत 96.07 फीसदी रहा, जबकि बालकों का 88.03 फीसदी। कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 सम्मिलित हुए और 1,00,373 उत्तीर्ण हुए। प्रदेश की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में अक्षत गोपाल ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज रामनगर, नैनीताल के अक्षत ने 98.20 फीसदी अंक (500 में से 491) हासिल किए। इशांत कोठारी (एस.वी.एम. इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) और भूमिका (जी.बी. पंत रा.इ.का. खैरना, नैनीताल) ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों ने 98.00 फीसदी अंक (500 में से 490) हासिल किए। भूमिका ने बालिकाओं की श्रेष्ठता सूची में भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। योगेश जोशी (विवेकानंद वी.एम. इंटर कॉलेज मंडलसेरा, बागेश्वर) ने 97.80 फीसदी अंक (500 में से 489) प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।











































