उत्तराखण्ड
उत्तराखंड : घास लेने जा रही महिलाओं के समूह पर भालू ने किया अचानक हमला, सात महिलाएं चोटिल
सीएन, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के जखोली ब्लॉक के बधाणी ताल क्षेत्र के धारकुड़ी गांव में घास लेने जा रही महिलाओं के समूह पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में सातों महिलाओं को चोट आई हैं। एक महिला गंभीर घायल है। घायल महिला में एक गर्भवती भी शामिल है। जागरूकता के चलते समूह में जा रही महिलाओं की सूझबूझ से सभी की जान बच पाई और सभी भालू को भगाने में कामयाब रही। जानकारी के अनुसार आरक्षित वन क्षेत्र बधाणी बीट में धारकुड़ी गांव की सात महिलाएं घास लेने गई। झुंड में जा रही महिलाएं जैसे ही घास काटने के लिए तैयार होने लगी तभी अचानक भालू ने हमला कर दिया और सातों चिल्लाने लगी। एक दूसरे का बीच बचाव करने लगीं। दरांती और स्वाल्टे से भालू को भगाने लगी इसी बीच एक महिला गंभीर घायल हो गई। जबकि सभी को चोटें आई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद सभी घायल महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रणधार लाया गया, जहां गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया जबकि कुछ को अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। घटना के बाद वन क्षेत्राधिकारी उत्तरी जखोली के नेतृत्व में संपूर्ण टीम क्षेत्र में तैनात है। वन विभाग ने भालू की सक्रियता को देखते हुए 20 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम भी क्षेत्र में गठित कर दी है, जो क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। कैमरा ट्रैप लगाकर भालू पर नजर रखी जा रही है। घायल महिलाओं मैं 55 वर्षीय कीड़ी देवी पत्नी प्रेम सिंह (गंभीर घायल), 32 वर्षीय पिंकी देवी (गर्भवती महिला), 27 वर्षीय सीमा देवी पत्नी सूरज सिंह, 26 वर्षीय अनु देवी पत्नी धनवीर सिंह, 39 वर्षीय सोना देवी पत्नी दीपक सिंह, 33 वर्षीय सुनीता देवी पत्नी प्रकाश सिंह 35 वर्षीय फूल देवी पत्नी महावीर सिंह शामिल हैं।



























































