Connect with us

अंतरराष्ट्रीय

चम्पावत के देवेश चन्द्र बिनवाल ने वैज्ञानिक शोध में हासिल की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि

सीएन, नैनीताल/बंगलुरु। चम्पावत जनपद के ग्राम बिनवाल गाँव, रीठा साहिब (चम्पावत) निवासी और वर्तमान में बंगलुरु में रह रहे देवेश चन्द्र बिनवाल ने वैज्ञानिक शोध के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। देवेश के पिता श्री नरेश चन्द्र बिनवाल राजकीय इंटर कॉलेज, शक्तिफार्म (उधम सिंह नगर) में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं तथा माता श्रीमती रेवती बिनवाल गृहणी हैं। देवेश ने जवाहरलाल नेहरू केन्द्र उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान (जे.एन.सी.ए.एस.आर.), बेंगलुरु से पदार्थ विज्ञान (मैटीरियल साइंस) विषय में अपना पी.एच.डी. शोध कार्य पूर्ण किया है। उन्हें हाल ही में पी.एच.डी. की उपाधि प्रदान की गई है और वे वर्तमान में इसी संस्थान में रिसर्च एसोसिएट के पद पर कार्यरत हैं। उनका शोध विख्यात वैज्ञानिक प्रो. सी. एन. आर. राव (एफ.आर.एस.) तथा डा. प्रताप विश्नोई के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के न्यूकैसल विश्वविद्यालय में विजिटिंग पी.एच.डी. छात्र के रूप में भी शोध कार्य किया।
देवेश की शिक्षा यात्रा बेहद प्रेरणादायी रही है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.एससी. (ऑनर्स) रसायन विज्ञान (2013–2016), कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल से एम.एससी.रसायन विज्ञान (2016–2018), JNCASR, बेंगलुरु से एम.एस. (इंजीनियरिंग) (2019–2021) पूर्ण करने के बाद अब वहीं से पीएच.डी. (2021–2025) प्राप्त की है। उनका शोध मुख्य रूप से ट्रांजिशन मेटल डाईकैल्कोजेनाइड्स और हैलाइड पेरोव्स्काइट्स पर आधारित है, जिनके माध्यम से उन्होंने नई सामग्री संरचनाएँ विकसित कर उनकी हाइड्रोजन उत्क्रमण अभिक्रिया (एच.ई.आर.) गतिविधियों, प्रकाशीय एवं चुंबकीय गुणों का अध्ययन किया।
देवेश ने अपने शोध कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रस्तुत किया है। उन्होंने बोस्टन (अमेरिका), संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और न्यूकैसल यूनिवर्सिटी (ऑस्ट्रेलिया) में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने भारत के कई प्रतिष्ठित शोध संस्थानों एवं सम्मेलनों में भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से सराहना अर्जित की है। उनके 10 से अधिक शोध-पत्र जर्नल ऑफ द अमेरिकन केमिकल सोसाइटी, केमिकल साइंस, केमिस्ट्री ऑफ मटेरियल्स जैसे प्रतिष्ठित अन्तरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं। उनके शोध-पत्रों को मुखपृष्ठ लेख (कवर आर्टिकल) जैसी विशेष मान्यताएँ भी प्राप्त हुई हैं। देवेश को डीएसटी-इंस्पायर फेलोशिप, शेख साक्र जूनियर फेलोशिप, गेट फेलोशिप और एसईआरबी की इंटरनेशनल ट्रैवल सपोर्ट जैसी प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियाँ भी प्राप्त हुई हैं। देवेश चन्द्र बिनवाल की इस अद्वितीय उपलब्धि से चम्पावत व कुमाऊँ अंचल के साथ-साथ सम्पूर्ण उत्तराखण्ड गौरवान्वित है।

More in अंतरराष्ट्रीय

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING