Connect with us

क्राइम

छुट्टी पर आया अग्निवीर लूट के आरोप में गिरफ्तार, कम वेतन के चलते नहीं लौटा था सेना में वापस

छुट्टी पर आया अग्निवीर लूट के आरोप में गिरफ्तार, कम वेतन के चलते सेना में वापस नहीं लौटा था
सीएन, मोहाली।
पंजाब के मोहाली में एक अग्निवीर जवान को लूटपाट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वो इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस ने उसके साथ दो और लोगों को कार लूटने के आरोप में पकड़ा है। उसका कहना है कि इन लोगों ने यूपी से हथियार खरीदे, फिर मोहाली में लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया। हाल ही में इन्होंने मोहाली में गन पॉइंट पर एक कार लूटी। मोहाली पुलिस ने 24 जुलाई को छप्पर चिरी के पास हुई कार छिनैती के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पता चला इनमें से एक आरोपी इश्मीत सिंह उर्फ ईशू भारतीय सेना का अग्निवीर जवान है। वो साल 2022 में सेना में भर्ती हुआ था। गिरोह में उसका भाई प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ और दोस्त बलकरण सिंह भी शामिल हैं। बलकरण एक टैक्सी सर्विस के लिए काम करता है। आरोप है कि बीती 22 जुलाई को इन लोगों ने यात्री बन कर एक कैब ड्राइवर को लूट लिया था। तीनों आरोपियों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है और वे फाजिल्का के रहने वाले हैं। उन्होंने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई कैब बरामद कर ली है जिस पर आरोपियों ने फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस को उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक स्कूटर, दो फोन, 315 बोर की एक देसी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस मिले हैं। एक जांच अधिकारी ने खुलासा किया कि ईशू 2022 में सेना में भर्ती होने के बाद पश्चिम बंगाल में पोस्टेड था। वो मई में एक महीने की छुट्टी पर घर आया था, लेकिन कम वेतन के कारण वापस नहीं लौटा। अधिकारी ने बताया वह अपने परिवार से दूर रह रहा था उसे 20,000 का मामूली वेतन मिलता था और वह अपने भविष्य को लेकर अनिश्चित था, इसलिए वह सेना में वापस नहीं लौटना चाहता था। ऐसा लगता है कि उसने अपराध करने का मन बना लिया है क्योंकि वो एक हथियार खरीदने के लिए उत्तर प्रदेश के कानपुर गया था जिसका इस्तेमाल उसने कार की चोरी में किया है। ईशू एक कुशल शूटर है। जब कैब ड्राइवर को उसकी गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया गया, तब उसने पैदल ही आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की। इस दौरान ईशू ने कैब ड्राइवर पर गोली चलाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने शातिर अंदाज में गाड़ी की छिनैती की घटना को अंजाम दिया था। इसकी जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया आरोपियों ने लुधियाना रेलवे स्टेशन से एक मोबाइल फोन चुराया था, जिसका इस्तेमाल करके उन्होंने टैक्सी-सर्विस ऐप से कैब बुक की और बाद में उस फोन को फेंक दिया। गाड़ी को चुराने के बाद आरोपियों ने उसे कुराली में एक सुनसान जगह पर पार्क कर दिया। जिसके बाद आरोपी बलौंगी में अपने पेइंग गेस्ट आवास पर लौट गए। अगले दिन वे देर शाम उस जगह लौटे जहां कैब को पार्क किया था। उन्होंने कैब ली और फाजिल्का की ओर चल दिए। इसी दौरान आरोपी मोहाली पुलिस के जाल में फंस गए। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों को मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी की मदद से पकड़ा है। अपराध में एक अग्निवीर के शामिल होने के खुलासे के बाद मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप गर्ग अब सेना को पत्र लिखकर इश्मीत सिंह के बारे में सूचित करेंगे। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 307,  308, 125, 61 और आर्म्स एक्ट के तहत बलौंगी थाने में केस दर्ज किया गया है।

More in क्राइम

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING