नैनीताल
सांसद भट्ट ने ज्योलीकोट क्षेत्र में फैल रहे जल जनित रोग के बारे में जानकारी ली, पेयजल लाइनों के लिए ढाई लाख स्वीकृत
सीएन, ज्योलीकोट/नैनीताल। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व नैनीताल उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने आज ज्योलीकोट में क्षेत्र में फैल रहे जल जनित रोग के बारे में स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को मौके से ही दूरभाष पर निर्देश दिए। श्री भट्ट सर्वप्रथम वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश जोशी के आवास पर पहुंचे जहां उन्होंने उनके पुत्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। इसके पश्चात स्थानीय लोगों द्वारा क्षेत्र में फैल रहे डायरिया सहित जल जनित रोगों के बारे में जानकारी लेते हुए मौके से ही दूरभाष पर जिलाधिकारी नैनीताल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित जल संस्थान के अधिकारी से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को रोगों की रोकथाम करने के लिए हर संभव उपाय तत्काल करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने के लिए ढाई लाख रुपये सांसद निधि से देने की घोषणा की। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख डा. हरीश बिष्ट, ग्राम प्रधान रावत सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।

























































