उत्तराखण्ड
अंशुल सिंह नैनीताल के नये डीएम नियुक्त, दीप्ति सिंह अल्मोड़ा जिला कलेक्टर बनी
सीएन, देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. इससे पहले भी राज्य में आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के तबादले किए गए थे. उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड कैडर में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. इस बार पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं. उत्तराखंड कैडर में आईएएस अधिकारियों के तबादलों में नैनीताल और अल्मोड़ा जिले के जिलाधिकारियों को भी बदला गया है. नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को हटाकर उनकी जगह आईएएस अधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. ललित मोहन रयाल के पास जिलाधिकारी नैनीताल के साथ-साथ जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी था. वहीं दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा जिले का नया जिलाधिकारी बनाया गया है. दीप्ति सिंह इससे पहले निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पद पर कार्यरत थीं. दूसरी ओर, अंशुल सिंह को अल्मोड़ा के जिलाधिकारी पद से हटाकर नैनीताल का जिलाधिकारी बनाया गया है. ललित मोहन रयाल को शासन में अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा उन्हें अपर सचिव मुख्यमंत्री का दायित्व भी दिया गया है. वहीं आईएएस अधिकारी विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. विनीत तोमर के पास प्रबंध निदेशक, कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल की जिम्मेदारी भी है. आईएएस अधिकारी निधि यादव को शासन में अपर सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ-साथ निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे पहले उनके पास अपर सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग का दायित्व था. पीसीएस अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर जिलाधिकारी हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है. पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उनके पास अपर मेला अधिकारी, कुंभ मेला की जिम्मेदारी भी है. वहीं पीसीएस अधिकारी वैभव गुप्ता से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार की जिम्मेदारी वापस लेकर उन्हें अपर जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है.




















































