नैनीताल
शाबाश……..हौसले की जीत : न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर से जूझते छात्र ने पाई सफलता
सीएन, नैनीताल। कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर से पीड़ित छात्र श्रीवारी साह ने हाईस्कूल परीक्षा में 62.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। वर्ष 2008 में जन्मे श्रीवारी बचपन से ही न्यूरोलॉजिकल समस्या से जूझ रहे हैं। इस बीमारी के कारण देखने के बावजूद उनके मस्तिष्क को चीजों को समझने में कठिनाई होती है साथ ही उन्हें कई बार बेहोशी की समस्या का भी सामना करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त वे लगभग 75 प्रतिशत विजुअल डिसएबिलिटी से भी प्रभावित हैं। इन तमाम चुनौतियों के बावजूद श्रीवारी ने हार नहीं मानी और सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में प्रावधान के तहत लेखक (राइटर) की सहायता से परीक्षा दी। उन्होंने लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल नैनीताल से परीक्षा देकर 62.8 प्रतिशत अंक हासिल किए जो उनकी मेहनत आत्मविश्वास की जीत है। श्रीवारी के माता-पिता श्वेता साह और अधिवक्ता नीरज साह ने भावुक होते हुए में बताया कि उन्होंने हर कठिन पल में अपने बेटे का हौसला थामे रखा। उसे कभी कमजोर नहीं पड़ने दिया और हमेशा आगे बढ़ने के लिया प्रेरित किया। कहा कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। श्रीवारी की सफलता पर विद्यालय परिवार अध्यापकों और क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।










































