Connect with us

उत्तराखण्ड

दास की मृत्यु के बाद धामी सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फिर चर्चाओं का दौर शुरू

एससी चेहरे या एससी महिला चेहरे पर फोकस, धामी मंत्रीमंडल में अब चार मंत्रियों के पद हैं खाली
सीएन, देहरादून।
उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच बीजेपी में हलचल बढ़ गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विस्तार के संकेत दिए हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि कर्नाटक चुनाव के बाद कैबिनेट विस्तार के संबंध में केंद्रीय नेताओं के साथ मंत्रणा होगी। अभी मुख्यमंत्री की केंद्रीय नेताओं से चर्चा हुई है। कर्नाटक चुनाव के नतीजे 15 मई तक आ जाएंगे। इसके बाद कैबिनेट विस्तार पर चर्चा होगी। कर्नाटक विधानसभा के लिए 10 मई को मतदान होना है। 13 मई को वहां चुनाव परिणाम भी घोषित हो जाएंगे। 15 मई तक भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी कर्नाटक चुनाव के प्रचार की व्यस्तता से मुक्त हो जाएगा। माना जा रहा है कि इसके बाद मुख्यमंत्री केंद्रीय नेताओं से दायित्वों और मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में चर्चा कर सकते हैं। इससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार के लिए क्षेत्रीय व जातीय समीकरणों के हिसाब से सरकार और संगठन के स्तर पर होमवर्क शुरू हो जाएगा। माना जा रहा है कि 15 मई के बाद प्रदेश सरकार में दायित्व का आवंटन हो सकता है।मुख्यमंत्री ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव के बाद दायित्व देने पर विचार हो सकता है। लेकिन कैबिनेट में विस्तार जल्द होने की कम संभावना है। सरकार पहले बागेश्वर विस उपचुनाव में जाएगी और उसके बाद कैबिनेट विस्तार करेगी। बागेश्वर उपचुनाव सीट रिक्त होने के छह माह के भीतर होगा। मुख्यमंत्री ने भी ऐसे ही संकेत दिए हैं।मंत्रिमंडल में तीन पद पिछले साल से ही खाली चल रहे हैं, जबकि हाल ही कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास का आकस्मिक निधन हो चुका है। इस वजह से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो रही हैं। मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी समेत अभी सिर्फ छह जिलों का ही प्रतिनिधित्व है। यहां तक की हरिद्वार और नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण जिले भी खाली चल रहे हैं। चंदन रामदास के निधन के बाद से कुमाऊं मंडल से दो ही मंत्री रेखा आर्या और सौरभ बहुगुणा मंत्रिमंडल में हैं। माना जा रहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद धामी सरकार में दायित्वों का आवंटन हो सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ये संकेत दिए हैं। कैबिनेट मंत्री रहे चंदन राम दास के निधन के बाद अब मंत्रिमंडल विस्तार भी प्रस्तावित है। उनके निधन से खाली हुई बागेश्वर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बाद इसकी संभावना प्रबल है। मुख्यमंत्री ने इस संभावना से इंकार नहीं किया है। मंत्रिमंडल में चार पद खाली हैं। यहां बता दें कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद राज्य सरकारों ने समाज कल्याण जैसे विभाग में अनुसूचित जाति के विधायकों को ही दिये जाने में तरजीह दी। माना जा रहा है कि चंदन रामदास के निधन के बाद से कुमाऊं मंडल से ही किसी अनुसूचित जाति के विधायक को ही चंदन रामदास का रिक्त विभाग दिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो गंगोलीहाट विधानसभा से विधायक फकीर राम टम्टा व नैनीताल से विधायक सरिता आर्य की संभावना बनती है। भाजपा सू़त्रों के अनुसार 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में धामी मंत्रीमंेडल की एक मात्र महिला मंत्री रेखा आर्य को लोकसभा चुनाव में उतारा जा सकता है। लिहाजा किसी महिला विधायक को मंत्रीमंडल में शामिल किया जा सकता है। धामी मंत्रिमंडल में अभी टिहरी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, पौड़ी व चंपावत जिले का प्रतिनिधित्व है। हरिद्वार, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों का कैबिनेट में प्रतिनिधित्व नहीं हैं। सांगठनिक जिम्मेदारी के हिसाब से चमोली जिले से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बड़े चेहरे के तौर पर हैं। नए मंत्रिमंडल विस्तार में हरिद्वार, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले को प्रतिनिधित्व दिए जाने की संभावनाएं हैं। मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले विधायकों की वरिष्ठता, अनुभव के साथ जातीय समीकरणों का भी खास ख्याल रखा जाना है। सीएम धामी इस साल होने वाले निकायों के चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर ही चेहरों को चुनेंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास अनुसूचित जाति एससी वर्ग से थे। उनकी जगह पार्टी एससी चेहरे या एससी महिला चेहरे से भर सकती है। इसी तरह हरिद्वार जिले से ब्राह्मण या ओबीसी चेहरे को जगह देने पर विचार हो सकता है। नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले में दो पूर्व कैबिनेट मंत्री के रूप में अनुभवी चेहरे हैं। बहरहाल, कैबिनेट विस्तार के साथ ही मुख्यमंत्री दायित्व का भी आवंटन कर सकते हैं। दायित्वों की सूची भी केंद्रीय नेतृत्व की ओर से फाइनल होनी है।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING