Connect with us

उत्तराखण्ड

कैंची धाम मेले के लिए 13 से 16 जून तक व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी, श्रद्धालु शटल सेवा का करेंगे उपयोग

सीएन हल्द्वानी/नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेले को लेकर नैनीताल पुलिस ने 13 से 16 जून तक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विभिन्न जिलों और राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरिद्वार, देहरादून, रामनगर, कालाढूंगी, रामपुर रोड और बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को सीधे कैंची धाम नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को गोलापार-काठगोदाम स्थित पार्किंग स्थलों तक भेजा जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसी तरह भीमताल, भवाली, नैनीताल, ज्योलीकोट, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग-अलग पार्किंग और शटल व्यवस्था बनाई गई है। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में रोका जाएगा, जबकि भवाली और नैनीताल क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए सैनिटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।
भारी वाहनों पर रहेगा प्रतिबंध! पुलिस ने बताया कि 13 जून को सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक तथा 14 जून की मध्यरात्रि से 16 जून की रात 11 बजे तक भारी माल वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहन भी निर्धारित समय में ही आवागमन कर सकेंगे। अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। 14 जून की दोपहर दो बजे से 16 जून की दोपहर 12 बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाली रोडवेज और केएमओयू बसों को भवाली-कैंची धाम मार्ग से न भेजकर रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से संचालित किया जाएगा। 14 जून सुबह आठ बजे से 16 जून शाम चार बजे तक टैक्सी बाइकों समेत सभी दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े कर शटल सेवा का उपयोग करना होगा। प्रशासन ने सैनिटोरियम पार्किंग भवाली, जंगलात बैरियर भवाली, विकास भवन भीमताल, खैरना, पनीराम डांबा, तल्लीताल टैक्सी स्टैंड, नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम, रेलवे स्टेशन काठगोदाम, रोडवेज-केएमओयू स्टेशन हल्द्वानी और प्रस्तावित आईएसबीटी गोलापार से शटल सेवाएं संचालित करने की व्यवस्था की है। यातायात को सुचारु रखने के लिए जिलेभर में 35 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं। कालाढूंगी, लामाचौड़, आरटीओ रोड, तीनपानी, गोलापार, काठगोदाम, भीमताल, खुटानी, भवाली, खैरना, क्वारब, रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्गों पर यातायात को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी लेने तथा निर्धारित मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि कैंची धाम मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING