Connect with us

उत्तराखण्ड

प्रकृति ने समूचे गंगोत्री धाम में बर्फ की झक सफेद कालीन बिछाई, खरसाली से मां यमुना की डोली शनिवार सुबह यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी

गंगोत्री से लोकेंद्र बिष्ट। बर्फ ही मां गंगा जी का आभूषण भी है और श्रृंगार भी। जी हां 22 अप्रैल 2023 को मां गंगा जी के कपाट खुलने हैं। श्रद्धा उमंग उम्मीदों और विश्वास के कपाट खुलने से इंसान ही नहीं प्रकृति भी अति रोमांचित है, व्याकुल है मां गंगा जी से मिलन के लिए। इसीलिए तो प्रकृति ने मां गंगा जी के आने के सभी रास्तों को जल से नहीं अपने अमूल्य उपहार बर्फ से धोने के साथ ही समूचे गंगोत्री धाम में बर्फ की झक सफेद कालीन बिछा दी है। जमीन ही क्या सभी दिव्य पेड़ पौधों देवदार, भोज वृक्षों के ऊपर भी बर्फ को मोटी सफेद चादर ओढ़ा दी है। महसूस हो रहा है कि मानो प्रकृति भी कपाट खुलने से पहले समूचे गंगोत्री धाम को दिल खोलकर सजाने संवारने का काम करने में मशगूल है। पिछले तीन दिनों से गंगोत्री धाम (समुद्रतल से 3140 मीटर) में जमकर बर्फबारी हो रही है। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट यानी कल अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाने हैं। दोनों धामों में कपाट उद्घाटन के साथ श्रद्धालु बर्फबारी का भी दीदार करेंगे। दोनों धामों में कपाटोद्घाटन की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। मुखीमठ मुखबा से मां गंगा की उत्सव डोली आज रवाना होंगी। वहीं खरसाली से मां यमुना की डोली शनिवार सुबह यमुनोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
यह पहला मौका है जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में श्रद्धालु कपाटोद्घाटन के शुभ मूहर्त पर बर्फबारी का दीदार करेंगे। कुदरत की मेहरबानी से अप्रैल जैसे गर्मी के माह में दोनों धाम बर्फबारी से लकदक हैं। यदि कोई श्रद्धालु कपाटोद्घाटन के मौके पर मां गंगा और यमुना के दर्शन के लिए आ रहे हैं, तो अपने साथ गर्म वस्त्र जरूर लेकर आए। क्योंकि बर्फबारी के कारण दोनों धामों में ठंड का प्रकोप बढ़ा है। मुखीमठ मुखबा से ढोल बाजो वा सेना की बैंड पार्टी की धुन पर भावुकता के साथ मां गंगा की डोली आज 12 बजकर 15 मिनट पर प्रस्थान करेगी। आज मां गंगा रात्रि विश्राम भैरो घाटी में करेगी। अगले दिन सुबह गंगोत्री धाम पहुंचेगी। उधर, खरसाली से मां यमुना की डोली अपने भाई शनि महाराज (सोमेश्वर देवता) की अगुवाई में यमुनोत्री धाम के लिए 22 अप्रैल सुबह रवाना होगी। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष रावल हरीश सेमवाल ने बताया कि धाम में कपाट उद्घाटन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर ज्यादा से ज्यादा से श्रद्धालुओं से मां गंगा के दर्शन का न्योता दिया है।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING