Connect with us

उत्तराखण्ड

उत्तराखंड को बड़ा तोहफा, अजय टम्टा को मिली मोदी कैबिनेट में जगह

उत्तराखंड को बड़ा तोहफा, अजय टम्टा को मिली मोदी कैबिनेट में जगह
सीएन, देहरादून/नैनीताल।
भाजपा के लिए उत्तराखंड में एक बड़ा दलित चेहरा माने जाने वाले अजय टम्टा को मोदी 3.0 सरकार में एक बार फिर से मंत्री की कुर्सी मिली है। प्रदेश में ठाकुर मुख्यमंत्री, ब्राह्मण प्रदेश अध्यक्ष के बाद दलित चेहरे को वरीयता देकर मोदी सरकार ने जातिगत समीकरण साधने की कोशिश की है। सांसद अजय टम्टा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी भी माने जाते हैं। अजय टम्टा बेहद सौम्य व्यवहार के होने के कारण अपने क्षेत्र में लोकप्रिय हैं। यही कारण है कि उन्हें अल्मोड़ा की जनता ने एक बार फिर संसद भेजा है। 29 साल के राजनीतिक सफर में निर्विवाद रहकर टम्टा ने पार्टी को मजबूत करने का काम किया और जनता के बीच में खासी पैठ भी रखते हैं। अजय टम्टा बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उनका जन्म 16 जुलाई 1972 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा में हुआ था। अजय टम्टा के पिता मनोहर लाल टम्टा पोस्टल विभाग में अधिकारी थे और उनकी माता निर्मला टम्टा गृहिणी थीं। अजय टम्टा छह भाई बहनों में तीसरे नंबर पर हैं। लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए अजय टम्टा ने 23 वर्ष की उम्र में राजनीति की शुरुआत की। अपने अब तक के राजनीतिक जीवन में उन्होंने नौ बार चुनाव लड़ा और छह में जीत दर्ज कर अपने को राजनीति में स्थापित किया। वर्ष 1996 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत हुई। इसी वर्ष वह जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुने गए। वर्ष 1999 से 2000 तक जिला पंचायत अध्यक्ष रहे और तब उन्होंने सबसे कम उम्र का जिपं अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया। 2002 में सोमेश्वर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। 2007 में भाजपा के टिकट पर फिर से विस का चुनाव लड़ा और देहरादून पहुंचे। 2009 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन जीत की दहलीज तक पहुंचने से चूक गए। 2012 में सोमेश्वर सीट से ही विधानसभा तक का सफर तय किया। पार्टी ने वर्ष 2014 में उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा इस पर वह खरे उतरे। 2019 के लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से लगातार दूरी जीत दर्ज की। 2024 के चुनाव में भी परिणाम उनके और पार्टी के पक्ष में आए हैं और इस सीट पर वह जीत की हैट्रिक लगाने वाले तीसरे सांसद बने हैं। इस बार उन्हें मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने कहा अजय टम्टा के मंत्रिमंडल में शामिल होने से सीमांत संसदीय क्षेत्र के विकास में गति आएगी। उन्होंने टम्टा को बधाई देते हुए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा ने कहा टम्टा के अनुभव का लाभ उत्तराखंड को मिलेगा। टम्टा पहले प्रदेश के साथ ही 2014 की सरकार में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं। संसदीय क्षेत्र के साथ ही प्रदेश व देश के उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING