Connect with us

अंतरराष्ट्रीय

पुतिन की जिद : आर्मी वैगनर ने कर दी बगावत, मॉस्को में हाई अलर्ट, लड़ाके रोस्तोव शहर में दाखिल

पुतिन की जिद : आर्मी वैगनर ने कर दी बगावत, मॉस्को में हाई अलर्ट, लड़ाके रोस्तोव शहर में दाखिल
सीएन, मॉस्को।
रूस में व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत हो गई है। दुनिया के सबसे शक्तिशाली शासकों में से एक पुतिन के खिलाफ तख्तापलट की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनके लिए लड़ने वाली वैगनर आर्मी ने की है। वैगनर ग्रुप चीफ येवगेनी प्रिगोझिन के बगावत के एलान के बाद रूस में रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के लड़ाकों में लड़ाई शुरू हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वैगनर ग्रुप के लड़ाके रोस्तोव शहर में दाखिल हो गए हैं। येवगेनी प्रिगोझिन ने रूस के रक्षा मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं और रूसी सेना के मुख्यालय पर हमले का एलान किया। जिसके बाद रूसी सेना के मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वैगनर आर्मी प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन का आरोप है कि पुतिन अब उनके खिलाफ ही साजिश रच रहे हैं। वैगनर आर्मी को पुतिन की प्राइवेट आर्मी भी कहा जाता था। कुल मिलाकर पुतिन के लिए यह बड़ा सिरदर्द हो गया है। रूसी सेना यूक्रेन में जुटी है, जबकि वैगनर आर्मी विद्रोह करते हुए मास्को की तरफ बढ़ रही है। हालात काबू में नहीं हुए तो यह बड़ा अंतर्राष्ट्रीय संकट बन सकता है। वैगनर आर्मी और पुतिन के बीच करार 30 जून को खत्म हो रहा है। आरोप है कि पुतिन वैगरन आर्मी की मदद चाहते हैं, लेकिन पैसे नहीं देना चाहते हैं। यह भी बगावत का एक कारण है। वैगनर आर्मी एक तरह से किराए पर लड़ने वाले सैनिक है। ये पैसे लेकर लड़ते हैं। इनके बारे में कहा जाता है कि इन्हें रूस के हर शहर के बारे में पता है। ये चप्पे-चप्पे से वाकिफ हैं। इसलिए बगावत हुई तो ज्यादा खतरनाक साबित होंगे। पुतिन के खिलाफ बगावत के पीछे पिछले दिनों बखमुत में हुआ हमला है। वैगनर आर्मी का आरोप है कि यह हमला रूसी सेना ने किया था। मिसाइल हमले में वैगनर ग्रुप के सैनिकों की मौत हुई थी। वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोझिन का आरोप है कि यह हमला जानबूझ कर दिया गया है। सैनिकों का आरोप है कि पुतिन ने उन्हें मरने के लिए छोड़ दिया है। हथियार नहीं दिए जा रहे हैं। रॉयटर्स ने बताया कि क्रेमलिन द्वारा वैगनर समूह पर सशस्त्र विद्रोह का आरोप लगाने के बाद, वैगनर सेनानियों ने यूक्रेन से रूस की सीमा पार कर ली थी और मॉस्को की सेना के खिलाफ “पूरी तरह से” जाने के लिए तैयार थे, उन्होंने युद्ध के मैदान में अपने लड़ाकों की मौत के लिए बार-बार रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को दोषी ठहराया है। हालांकि, रूस ने कल इसका खंडन करते हुए कहा कि बयान “वास्तविकता के अनुरूप नहीं हैं” कोई ‘तख्तापलट नहीं है।’ प्रिगोझिन ने अपने प्रवक्ताओं द्वारा जारी ऑडियो संदेशों की एक श्रृंखला में कहा, “उन्होंने (रूस की सेना) हमारे पीछे के शिविरों पर मिसाइल हमले किए। बड़ी संख्या में हमारे लड़ाके, हमारे साथी मारे गए।” उन्होंने कहा, “पीएमसी वैगनर के कमांडरों की परिषद ने एक निर्णय लिया है – देश का सैन्य नेतृत्व जो बुराई लाता है उसे रोका जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “जो कोई भी प्रतिरोध करेगा – हम इसे खतरा मानेंगे और इसे तुरंत नष्ट कर देंगे। हमें इस गड़बड़ी को खत्म करने की जरूरत है। यह कोई सैन्य तख्तापलट नहीं है, बल्कि न्याय का मार्च है।” 62 वर्षीय येवगेनी प्रिगोझिन ने एक ऑडियो संदेश में कहा, “हम आगे बढ़ रहे हैं और हम अंत तक जाएंगे।” पिछले साल यूक्रेन में आक्रामक हमले की शुरुआत के बाद से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को सबसे साहसी चुनौती देते हुए उन्होंने कहा, “हम हमारे रास्ते में आने वाली हर चीज को नष्ट कर देंगे।” बाद में उन्होंने दावा किया कि उनकी सेना ने एक रूसी सैन्य हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। उन्होंने कहा, “एक हेलीकॉप्टर ने अभी-अभी एक नागरिक टुकड़ी पर गोलीबारी की है। इसे पीएमसी वैगनर की इकाइयों ने मार गिराया है।” प्रिगोझिन ने पहले कहा था कि उनकी सेनाएं, जिन्होंने रूस के अधिकांश आक्रमणों का नेतृत्व किया है, दक्षिणी रूसी क्षेत्र रोस्तोव में प्रवेश कर गई हैं, लेकिन उन्होंने कोई सबूत नहीं दिया और एएफपी स्वतंत्र रूप से उनके दावों की पुष्टि नहीं कर सका।

More in अंतरराष्ट्रीय

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING