नैनीताल
कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के नये कुलपति बने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, राजभवन से आदेश जारी, कहा-शैक्षणिक गुणवत्ता को ऊंचाई पर ले जाना उनकी प्राथमिकता
सीएन, नैनीताल/देहरादून। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कुमाऊं विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। इस संबंध में 3 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया। राजभवन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, कुमाऊं विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। नए आदेश में कहा गया है कि कुलपति के कार्य दायित्वों के लिए अंतरिम व्यवस्था संबंधी 31 अगस्त 2026 को जारी पूर्व आदेश संख्या 33216 को अतिक्रमित करते हुए यह नियुक्ति की गई है। राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी आदेश की प्रतियां मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन, सचिव मुख्यमंत्री, सचिव उच्च शिक्षा, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) नई दिल्ली और महालेखाकार उत्तराखंड समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं। आदेश की प्रति कुमाऊं विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के कुलपति तथा कुमाऊं विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। अपनी नियुक्ति के बाद सीएन से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को ऊंचाई पर ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वह मूल रूप से सांईसिस्ट है इसके लिए शोध कार्यों को प्राथमिकता दी जायेगी। मालूम हो कि प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने इस परिसर बीएससी व एमएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की जबकि उड़ीसा विश्वविद्यालय से डीएससी की उपाधि प्राप्त की। वह डीएसबी परिसर जन्तु विभाग के विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं। मूल रुप से नैनीताल जनपद के ओखलकांडा निवासी प्रो. बिष्ट नैनीताल कूर्मांचल बैंक लिमिटेड नैनीताल में अपनी सेवाएं भी दे चुके है। खास बात यह है कि वह उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी भी रहे हैं। वह शनिवार को नैनीताल प्रशासनिक भवन में विधिवत कार्यभार ग्रहण करेंगे।















































