नैनीताल
दो माह के अंतराल में सवा दो़ फिट नीचे आ गया है नैनी झील का जलस्तर
दो माह के अंतराल में सवा दो़ फिट नीचे आ गया है नैनी झील का जलस्तर
झील के जलागम क्षेत्रों से रोजाना 8 लाख लीटर पानी का दोहन, वर्षा नही होने से झील हो रही प्रभावित
सीएन, नैनीताल। इस वर्ष अंतिम वर्षा अगस्त-सितम्बर माह में हुई थी। तब नैनी झील अपने मानक के अनुसार 12 फिट तक भर गई थी। लेकिन इन दो माह के अंतराल में झील का जल स्तर 9 फिट 9 इंच पर पहुंच गया है। यानि दो माह में जलस्तर सवा दो फिट से अधिक कम हो चुका है। इन दो माहों से वर्षा नही होने से झील भी प्रभावित हो रही है। झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैडा ने बताया कि हर रोज आधा इंच पानी घट रहा है। बीते वर्ष भी झील का जलस्तर 29 नवम्बर को 9 फिट 9 इंच था। हर रोज कम हो रहे नैनी झील के जल स्तर से चिंताएं बढ़ने लगी है। बीती गर्मियों में झील का जो रूप देखा गया। वैसी ही हालत इस बार भी हो रही है। दूसरी ओर रोजाना 8 लाख लीटर पानी का दोहन झील के जलागम क्षेत्रों से जल संस्थान द्वारा किया जा रहा है। पर्यावरणविद जलागम क्षेत्रों से रोजाना हो रहे जलादोहन पर नियंत्रण कर पानी लगातार रोस्टर से वितरित करने पर बल दिया है। यदि ऐसा नही किया गया तो आने वाले दिनों में भी झील बहुत छोटा आकार ले लेगी। जानकार लोगों का कहना है कि जलादोहन नियंत्रित कर पानी की बर्बादी को रोकने के लिए गंभीर प्रयास किये जाने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों को कार्य योजना बना कर गंभीर प्रयास किये जाना जरूरी है। साथ ही जल संरक्षण के लिए जनजागरूकता भी अब जरूरी है। अगर प्रयास नही किये गये तो जीवनदायिनी झील को बचा पाना आने वाले समय में कठिन हो जायेगा।
