Connect with us

राष्ट्रीय

शहीदों के परिवार से मिले राजनाथ, बोले-करगिल में पाक ने पीठ में खंजर घोंपा

शहीदों के परिवार से मिले राजनाथ, बोले-करगिल में पाक ने पीठ में खंजर घोंपा
सीएन, करगिल।
24 वें करगिल विजय दिवस के मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कारगिल विजय दिवस के मौके पर जम्मू पहुंचे और शहीदों को याद किया। यहां उन्होंने कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के परिवार से मुलाकात भी की। लद्दाख के द्रास में युद्ध स्मारक मुख्य समारोह आयोजित किया गया है। वर्ष 1999 में आज ही के दिन भारत ने दुनिया के सबसे दुर्गम युद्ध क्षेत्रों में एक द्रास में पाकिस्तान को खदेड़ कर करगिल युद्ध में जीत हासिल की थी। आज भारत इस जीत का जश्न मना रहा है। लद्दाख के द्रास में करगिल विजय दिवस के मौके पर आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि करगिल युद्ध भारत के ऊपर एक थोपा गया युद्ध था। उस समय देश ने पाकिस्तान से बातचीत के माध्यम से मुद्दों को सुलझाने का प्रयास किया। खुद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजेपयी ने पाकिस्तान की यात्रा करके कश्मीर सहित अन्य मुद्दों को सुलझाने का प्रयास किया था। लेकिन पाकिस्तान ने भारत पीठ में खंजर घोंप दिया। उन्होंने याद दिलाते हुए कहा थल सेना के सपोर्ट में वायुसेना ने ऑपरेशन सफेद सागर चलाया तो जलसेना ने अरब सागर में कराची तक पहुंचने वाले समुद्री रास्तों को अवरुद्ध करने में बड़ी भूमिका निभाई। पीओके हमारा है और पाकिस्तान बार-बार मार खाने के बाद बाज नहीं आ रहा है। साल 1965 और 1971 की जंग में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी थी और कारगिल युद्ध में भी भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान को धूल चटा दी थी। मैं आप लोगों को आश्वस्त कर देना चाहता हूं कि अगर पाकिस्तान ये दुस्साहस फिर से करता है तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा। आशा है कि पाकिस्तान सद्बुद्धि से काम लेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत मां के ललाट की रक्षा के लिए, 1999 में करगिल की चोटी पर देश के सैनिकों ने वीरता का जो प्रदर्शन किया, जो शौर्य दिखाया, वह इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। आज हम खुली हवा में सांस इसलिए ले पा रहे हैं, क्योंकि किसी समय शून्य से भी कम तापमान में भी हमारे सैनिकों ने ऑक्सीजन की कमी के बावजूद अपनी बंदूकें नीची नहीं कीं। उन्होंने कहा कि आज भारत रूपी जो विशाल भवन हमें दिखाई दे रहा है, वह हमारे वीर सपूतों के बलिदान की नींव पर ही टिका है। भारत नाम का यह विशाल वटवृक्ष, उन्हीं वीर जवानों के खून और पसीने से अभिसिंचित है। अपने हजारों सालों के इतिहास में, इस देश ने अनेक ठोकरें खाईं हैं, पर अपने वीर जवानों के दम पर यह बार-बार उठा है। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर हमला करते हुए कहा कि वो किसी प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं करना चाहते और न हीं किसी की नियत पर सवाल उठा रहे हैं। किसी की नियत में खोट नहीं हो सकती लेकिन नीतियों में खोट हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और पीओके भी हमारा ही है।

More in राष्ट्रीय

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING