Connect with us

राजनीति

18 वीं लोकसभा का पहला सत्र, मोदी, शाह, राजनाथ सिंह सहित अन्य ने सांसद के रूप में ली शपथ

18 वीं लोकसभा का पहला सत्र, मोदी, शाह, राजनाथ सिंह सहित अन्यों ने सांसद के रूप में ली शपथ
सीएन, नईदिल्ली।
18 वीं लोकसभा का पहला सत्र आज सोमवार से शुरू हो गया है। सत्र के पहले नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण हो रहा है। सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। इसके बाद भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, पीयूष गोयल, एचडी कुमारस्वामी, जीतन राम मांझी, राजीव रंजन ललन सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, राम मोहन नायडू, प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अन्नपूर्णा देवी, मनसुख मंडाविया, जी किशन रेड्डी, चिराग पासवान, सीआर पाटिल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा नेता राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते ने शपथ ली है। प्रोटेम स्पीकर महताब आज 280 सांसदों को शपथ दिलायेंगे।
विपक्षी सांसदों ने संविधान की प्रतियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया
शपथ के बीच विपक्षी सांसदों ने संविधान की प्रतियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए हमने जो कोशिश की थी, उसमें जनता हमारे साथ है। लेकिन मोदी जी ने संविधान को तोड़ने की कोशिश की। इसलिए आज हम यहां एकत्रित होकर विरोध कर रहे हैं। यहां पर गांधी जी की प्रतिमा थी और हम यहीं पर विरोध कर रहे हैं। हर लोकतांत्रिक नियमों को तोड़ा जा रहा है, इसलिए हम बता रहे हैं कि मोदी जी आज संविधान के तहत चलिए। लोकसभा सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 18 वीं लोकसभा नये संकल्पों के साथ काम करेगी। यह नई उमंग, नये उत्साह और नयी गति को प्राप्त करने का अवसर है। विश्व का सबसे बड़ा चुनाव बहुत ही शानदार और गौरवमय तरीके से संपन्न हुआ है। यह 140 करोड़ भारतवासियों के लिए गर्व की बात है। पीएम ने आगे कहा कि अगर हमारे देश के नागरिकों ने लगातार तीसरी बार किसी सरकार पर भरोसा किया है, तो इसका मतलब है कि उन्होंने सरकार की नीतियों और नीयत पर मुहर लगायी है। मैं आप सभी के समर्थन और भरोसे के लिए आभारी हूं। सरकार चलाने के लिए बहुमत जरूरी है लेकिन देश चलाने के लिए आम सहमति जरूरी है। बता दें कि दूसरे दिन यानी मंगलवार को भी प्रोटेम स्पीकर 264 नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलायेंगे। यह शपथ सांसदों को राज्यवार दिलाई जायेगी। बुधवार को नये लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। इस दौरान वह नयी सरकार की पांच साल की योजनाओं और प्राथमिकताओं को सामने रखेंगी। राज्यसभा का सत्र इसी दिन से शुरू होगा। 28 जून और 1 जुलाई को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा और राज्यसभा में चर्चा होगी। 2 जुलाई को लोकसभा और 3 जुलाई को राज्यसभा में प्रधानमंत्री चर्चा का जवाब देंगे। इसके बाद दोनों सदन संक्षिप्त अवधि के लिए स्थगित किये जायेंगे। 22 जुलाई से फिर सत्र आरंभ होगा जिसमें केंद्रीय बजट पेश किया जायेगा।

More in राजनीति

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING