उत्तराखण्ड
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में नैनीताल, भवाली सहित कई स्थानों में प्रदर्शन
सीएन, नैनीताल/देहरादून। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और पुलिस बल प्रयोग के विरोध में उत्तराखंड में कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह जोरदार प्रदर्शन किए । राजधानी देहरादून से लेकर नैनीताल और मसूरी तक कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के पुतले फूंके और रोष मार्च निकाले। देहरादून में संसद घेराव के दौरान छात्रों पर हुए बल प्रयोग के खिलाफ स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ सवाल उठाए और जोरदार विरोध दर्ज कराया। परेड ग्राउंड से लेकर घंटाघर तक एक विशाल प्रतिरोध मार्च निकाला गया, जिसमें छात्रों ने लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन पर नाराजगी जताई। उत्तराखंड युवा कांग्रेस ने भी केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। , नैनीताल के.पंत पार्क (मल्लीताल) में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस का पुतला फूंका। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली घटना करार दिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। रामनगर के लखनपुर चौराहे पर युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। प्रदेश महासचिव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं को दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। मसूरी के पिक्चर पैलेस स्थित भगत सिंह चौक पर शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में भारी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया। भवाली, हल्द्वानी सहित कई कस्बों में भी मंगलवार को जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। भवाली में कांग्रेस नगर अध्यक्ष कंचन सुयाल की अगुवाई में जुलूस निकला तथा चौराहे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश आर्य, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, दयाल आर्य. सहित अनेक लोग मौजूद थे।































