उत्तराखण्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया
सीएन, देहरादून। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर विधिवत संचालन आज से शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। अब दून से दिल्ली की दूरी मात्र ढाई से तीन घंटे की रह जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड दौरे के दौरान अपने संबोधन की शुरुआत पारंपरिक पहाड़ी भाषा में करते हुए कहा, “उत्तराखंड कु सबी भाई-बैणों तैें मेरो प्रणाम।” इस आत्मीय अभिवादन ने सभा में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश तेजी से प्रगति कर रहा है और एक समय वीरान रहने वाले गांव अब फिर से बसने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली मेट्रो का विस्तार और नमो भारत रेल सेवा देश को समर्पित की गई थी, और अब देहरादून–दिल्ली एक्सप्रेसवे का शुभारंभ इसी विकास यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में देश में बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास होना भारत की नई शक्ति को दर्शाता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की कि देहरादून में लगभग 1700 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन बाइपास बनाया जाएगा, जिससे शहर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा। इसके साथ ही हरिद्वार में 2300 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन बाइपास परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देहरादून से मसूरी तक दो लेन सड़क के लिए 800 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे पहाड़ी मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम बन सकेगा। साथ ही 5200 करोड़ रुपये की लागत से टनकपुर–पिथौरागढ़ होते हुए लिपुलेख तक सड़क परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है, जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। गडकरी ने कहा कि सुरंग निर्माण और आधुनिक तकनीक के उपयोग से पहाड़ी मार्गों को अधिक सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी मजबूत होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। कहा की इस एलिवेटेड कॉरिडोर एक्सप्रेस वे के निर्माण से उत्तराखंड को लाभ मिलेगा।






































