Connect with us

नैनीताल

कुमाऊं विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह

सीएन, नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल में कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत, एफएनए , एफएनएससी के कार्यकाल की पूर्णता के अवसर पर उनके सम्मान में हर्मिटेज भवन में गरिमापूर्ण एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी, पूर्व छात्र तथा विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 300 लोगों ने प्रतिभाग किया।समारोह का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत, प्रभारी कुलसचिव एवं परिसर निदेशक के मंचासीन होने के साथ हुआ। प्रभारी कुलसचिव द्वारा स्वागत उद्बोधन के पश्चात विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति के सम्मान में साइटेशन प्रस्तुत किया गया। साइटेशन में प्रो. रावत के कुमाऊँ विश्वविद्यालय के साथ विद्यार्थी, विद्वान एवं कुलपति के रूप में रहे विशिष्ट संबंध तथा उनके कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय में अनुसंधान, नवाचार, शैक्षणिक एवं अनुसंधान अवसंरचना, छात्र सुविधाओं, डिजिटल एवं पुस्तकालय संसाधनों, कौशल विकास तथा संस्थागत सहयोग के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को रेखांकित किया गया। उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में कुमाऊँ विश्वविद्यालय का पीएम -ऊषा मेरु के अंतर्गत चयन तथा ₹100 करोड़ का आवंटन, साथ ही आईआईएससी बेंगलुरु के साथ ₹100 करोड़ की पेयर परियोजना सहित अनेक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं अनुसंधानपरक पहल शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन, नई शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं का विकास, छात्रोन्मुखी गतिविधियों तथा डिजिटल एवं पुस्तकालय संसाधनों के विस्तार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन, परिसर प्रशासन, कार्य परिषद के निर्वाचित सदस्यगण, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, कुमाऊँ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, डी.एस.बी. परिसर एवं सर जे.सी. बोस तकनीकी परिसर भीमताल के शिक्षक वर्ग, विभिन्न विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघों एवं कर्मचारी संघों, छात्र एवं पूर्व छात्र प्रतिनिधियों, विश्वविद्यालय एनसीसी , कुलपति सचिवालय तथा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय एवं उसके पूर्व छात्र संघ की ओर से कुलपति का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। समारोह में शांति मेहरा, अरविंद पड़ियार, प्रो. संजय पंत, प्रो. वीना पांडे, डॉ. लक्ष्मण रौतेला तथा  छात्र संघ अध्यक्ष करण सती ने अपने संबोधनों में प्रो. रावत के कार्यकाल एवं विश्वविद्यालय के विकास में उनके योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि एक पूर्व छात्र के रूप में अपनी ही अल्मा मेटर के कुलपति के रूप में सेवा करना प्रो. रावत की शैक्षणिक यात्रा का विशिष्ट और गौरवपूर्ण अध्याय है। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. (कर्नल) दीवान सिंह रावत ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय से उनका संबंध विद्यार्थी जीवन से ही रहा है और कुलपति के रूप में विश्वविद्यालय की सेवा करना उनके लिए विशेष सम्मान का विषय रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से मिले सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान वातावरण भावपूर्ण रहा। विश्वविद्यालय परिवार के विभिन्न वर्गों ने कुलपति के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके भावी अकादमिक एवं शोध  कार्यो के लिए शुभकामनाएँ दीं। प्रो. नीता बोरा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रभारी कुलसचिव श्री राकेश विश्वकर्मा, वित्त नियंत्रक श्री कमलेश भंडारी, परिसर निदेशक सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रो. संजय पंत, प्प्रो एहसीएस बिष्ट, प्रो. संजय घिल्डियाल, प्रो. एस.एस. बरगली, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. अनीता पांडे, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. सावित्री कैड़ा, प्रो संजय टम्टा, प्रो आशीष मेहता, प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. महेंद्र राणा , डॉ पूरन सिंह अधिकारी, डॉ नंदन सिंह, डॉ मनोज बिष्ट, डॉ कुबेर गिनती, डॉ मोहित रौतेला, डीएसए सचिव मनोज जोशी,  प्रधानाचार्य भारतीय सहीद सैनिक विधालय बिशन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. रीतेश साह ने किया।

More in नैनीताल

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING