नैनीताल
नैनीताल में लगातार बिजली कटौती से नाराज़ व्यापार मंडल, आंदोलन की दी चेतावनी
सीएन, नैनीताल। मल्लीताल व्यापार मंडल ने नैनीताल नगर में पिछले कुछ हफ्तों से लगातार हो रही विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर कड़ी नाराज़गी पहुंचाई है। व्यापार मंडल ने अधिशासी अभियक्षक, विद्युत विभाग को ज्ञापन भेजकर तत्काल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी एवं परिसर त्रिभुवन फर्त्याल की ओर से प्रेषित पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से नगर में लगातार और अप्रत्याशित रूप से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। केवल सुबह के समय ही नहीं, बल्कि दिनभर भी बिजली काटने से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे विद्युत विभाग के प्रति लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। व्यापार मंडल ने अपने पत्र में कहा है कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो व्यापार मंडल स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को विवश होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि अधिशासी अभियन्ता विद्युत विभाग, एनएस नैनीताल तथा आयुक्त व सचिव कुमाऊँ मंडल एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।































