दुर्घटना
नैनीताल जू स्थित वन विभाग के कार्यालय में अचानक आग लगी, परिसर में अफरा-तफरी मची, विभाग की कई फाइलें व दस्तावेज जलकर राख
सीएन, नैनीताल। गुरुवार को नैनीताल शहर के जू स्थित वन विभाग के डिवीजन कार्यालय में सुबह अचानक आग लग गई, जिससे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग से विभाग की कई फाइलें और दस्तावेज जलकर राख हो गए। समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जू स्थित वन विभाग के डिवीजन कार्यालय के आसपास एक सफाई कर्मचारी सफाई कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर कार्यालय के एक हिस्से से उठ रहे धुएं पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वहां आग लगी हुई थी। कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना विभागीय कर्मचारियों को दी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग को कुछ ही देर में नियंत्रित कर लिया। लेकिन तब तक कार्यालय में रखी कई फाइलें व दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। गनीमत रही कि आग भवन के अन्य हिस्से में नहीं फैली। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।












































