Connect with us

रोज़गार

स्वाद को मिलेगी नई पहचान, महिला समूहों को मिलीं 17 फूड वैन, 60 प्रतिशत सब्सिडी पर मिला स्वरोजगार का अवसर

सीएन,कालाढूंगी/नैनीताल। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ना मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी दिशा में राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के साथ प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय खानपान को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नारी शक्ति सम्मेलन के अवसर पर विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद नैनीताल के महिला समूहों एवं सहकारिताओं को 17 वे-साइड ईटरी (फूड वैन) की सौगात दी गई। ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत शुरू की गई यह पहल महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार पांडे के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस पहल से जनपद के सभी आठ विकासखंडों के महिला समूहों एवं सहकारिताओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर सांसद श्री अजय भट्ट एवं राज्यसभा सांसद श्री दिनेश आर्य ने फूड वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया! इस पहल की खास बात यह है कि महिला समूहों को प्रत्येक फूड वैन लगभग 10 लाख रुपये की लागत पर उपलब्ध कराई गई है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 6 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है, जबकि संबंधित महिला समूहों को केवल 4 लाख रुपये की धनराशि वापस करनी होगी। यानी कुल लागत का 60 प्रतिशत हिस्सा सब्सिडी के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे महिलाओं पर शुरुआती आर्थिक बोझ कम होगा और वे अपेक्षाकृत कम निवेश में अपना स्वरोजगार शुरू कर सकेंगी। इन फूड वैन के माध्यम से पर्यटकों और आम नागरिकों को उत्तराखंड के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। इनमें मंडुवे यानी रागी के मोमोज, भट्ट की चुड़कानी, भट्ट के डुबके, गहत की दाल के डुबके, मंगोड़ी, भांग की चटनी सहित अन्य पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन एवं स्थानीय उत्पाद तैयार कर ग्राहकों को परोसे जाएंगे। इससे उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान को आधुनिक फूड सर्विस के माध्यम से बाजार उपलब्ध होगा। विशेष रूप से मंडुवा, भट्ट और गहत जैसे स्थानीय अनाज एवं दालों की मांग बढ़ने से इनके उत्पादन और बिक्री को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इस पहल से केवल महिला समूहों की आमदनी बढ़ाने का ही अवसर नहीं मिलेगा, बल्कि स्थानीय कृषि उत्पादों को भी एक नया बाजार मिल सकेगा। मंडुवा, भट्ट और गहत जैसे पारंपरिक उत्पादों का व्यंजनों में उपयोग बढ़ने से स्थानीय किसानों को अपने उत्पादों की बिक्री के नए अवसर मिल सकते हैं। वहीं, पहाड़ी खानपान को बढ़ावा मिलने से उत्तराखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी। पर्यटक भी फूड वैन के माध्यम से स्थानीय स्वाद और पारंपरिक व्यंजनों का अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। इससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दे रही है। 17 फूड वैन की यह पहल इसी सोच को धरातल पर उतारने का प्रयास है। इससे ग्रामीण महिलाएं केवल पारंपरिक उत्पाद बनाने तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि स्वयं अपने उत्पादों की बिक्री और व्यवसाय संचालन से भी जुड़ सकेंगी। यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, पहाड़ी व्यंजनों और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने में भी सहायक होगी। 17 फूड वैन के माध्यम से शुरू हुई यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और स्वरोजगार का एक ऐसा अवसर है, जिसमें पहाड़ का पारंपरिक स्वाद महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का आधार बनेगा। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने की क्षमता रखता है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का आज 89 वर्ष की आयु में निधन
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in रोज़गार

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING