दुर्घटना
नैनीताल के खुर्पाताल में पर्यटकों का वाहन 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, पांच लोग गंभीर रूप से घायल
सीएन, नैनीताल। पहाड़ों में लगातार बाहरी प्रदेशों से आ रहे पर्यटकों के वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। बीते दिन भवाली के समीप रामगढ़ में टेम्पो ट्रेवलर के खाई में गिरने से पांच पर्यटकों की मौत हो गई और दर्जनों सैलानी घायल हो गये। शनिवार को नैनीताल शहर के समीपवर्ती खुर्पाताल क्षेत्र में घूमने के लिए नैनीताल आ रहे पर्यटकों का वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पांचो घायलों को खाई से बाहर निकाल बीडी पांडे अस्पताल भिजवाया। जहां दो कि गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, वहीं अन्य तीन को उपचार दिया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गोरखपुर उत्तर प्रदेश निवासी 25 वर्षीय शिवेंद्र श्रीवास्तव शनिवार को अपने एक्सयूवी वाहन संख्या- जीजे-18-बीके-9777 से घूमने के लिए नैनीताल आ रहे थे। इस दौरान वाहन में उनकी 22 वर्षीय बहन निधि श्रीवास्तव, राजस्थान निवासी 20 वर्षीय दोस्त लिवांशु, जयपुर निवासी 21 वर्षीय ऐश्वर्या और कानपुर निवासी 21 वर्षीय पिंकी गुप्ता भी सवार थी। शनिवार सुबह कालाढूंगी मार्ग से नैनीताल को आते हुए उनका वाहन खुर्पाताल से कुछ ऊपर पहुंचा ही था कि अचानक अनियंत्रित हो गया। वाहन पहले पहाड़ी की ओर दीवार से टकराया फिर असंतुलित होकर दूसरी ओर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। जिससे वाहन सवारों की चींख पुकार मच गई। यहां बता दें कि पहाड़ों में आने वाले वाहनों के चालकों के पास न तो वाहन चलाने का अनुभव होता है और न ही हिल ड्राइविंग का लाईसेंस। उत्तराखंड में नियम कानून तो बने हैं लेकिन पुलिस की लापरवाही व सरकार की काहिली के चलते पहाडों में लगातार वाहन दुर्घटना हो रही है। अनुभवहीन वाहन चालकों के कारण स्थानीय निवासियों की जान भी जोखिम में रहती है।






































