उत्तराखण्ड
उत्तराखंड : सैलानियों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा, हादसे में 20 लोग घायल
सीएन, भवाली/नैनीताल। जनपद नैनीताल के भवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर सैलानियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार करीब 20 सैलानियों के घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर भवाली के मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में लक्ष्मी खान के पास सैलानियों से भरा टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन में सवार कई लोग घायल हो गये। हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ और भवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के बाद घायल सैलानियों को उपचार के लिए रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है। घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को उपचार के लिए रामगढ़ सीएचसी भेजा गया है।

















































