नैनीताल
प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कुमाऊं विवि के कुलपति के रूप में कार्यभार संभाला
सीएन, नैनीताल। प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मंगलवार को कुमाऊं विवि के कुलपति के रूप में कार्यभार संभाल लिया। राजभवन की ओर से तीन सितंबर को नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद, उन्होंने पदभार ग्रहण करते ही डीन, निदेशकों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर अकादमिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय पुस्तकालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए उपलब्ध ई-संसाधनों और सुविधाओं का जायजा लिया।प्रो. बिष्ट ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उच्च स्तरीय अनुसंधान, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने उत्तराखंड तथा हिमालयी क्षेत्रों की पर्वतीय पारिस्थितिकी, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और सतत विकास पर शोध को बढ़ावा देने तथा उद्योगों व शोध संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उन्होंने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) व मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे सहित शिक्षक, अधिकारी और शोधार्थी मौजूद रहे।





















































