Connect with us

राष्ट्रीय

वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों के बीच चुनाव आयोग का निर्देश, दलों के साथ बैठक करें राज्य चुनाव आयोग

वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों के बीच चुनाव आयोग का निर्देश, दलों के साथ बैठक करें राज्य चुनाव आयोग
सीएन, नईदिल्ली।
पक्षपात और वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों के बीच चुनाव आयोग ने अपनी चुनाव मशीनरी को निर्देश दिया कि वे राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठक करें। बता दें कि कांग्रेस ने चुनाव जीतने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने दावा किया है कि भगवा पार्टी चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर पहले मतदाता सूची में हेरफेर करती है और फिर चुनाव जीतती है। इसी बीच निर्वाचन आयोग ने  राज्यों में अपनी चुनाव मशीनरी को निर्देश दिया कि वे राजनीतिक दलों के साथ नियमित बैठक करें और प्रक्रिया के अनुसार मुद्दों को हल करें। यह निर्देश राज्य चुनाव अधिकारियों के एक सम्मेलन में ऐसे समय दिया गया जब तृणमूल कांग्रेस ने यह आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के पास समान मतदाता कार्ड संख्या है। राज्य चुनाव अधिकारियों को 31 मार्च तक मुद्दा.वार कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा गया। ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभालने के बाद यह इस तरह का पहला सम्मेलन है। कुमार ने अपने संबोधन में अधिकारियों से पारदर्शिता से काम करने और सभी संवैधानिक दायित्वों को लगन से तथा मौजूदा कानूनी ढांचे के अनुसार पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को राजनीतिक दलों के प्रति सुलभ और उत्तरदायी होने का निर्देश दिया। कुमार ने कहा कि संबंधित सक्षम प्राधिकारी द्वारा मौजूदा संवैधानिक ढांचे के भीतर किसी भी मुद्दे को हल करने के लिए वैधानिक स्तर पर सभी दलों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को अपनी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों का उसी तरह पालन करना चाहिए, जैसा कानून और चुनाव आयोग के निर्देशों में स्पष्ट रूप से दर्शाया गया है। गौरतलब है कि, कांग्रेस का कहना है कि वह इसका समाधान कानूनी, राजनीतिक एवं अन्य तरीकों से निकालने की कोशिश करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने सोमवार को एक ही पहचान संख्या वाले कई मतदाताओं पर निर्वाचन आयोग की चुप्पी पर सवाल उठाया और कहा कि पार्टी इस मुद्दे को ऐसे ही जाने नहीं देगी क्योंकि इससे देश के चुनावी लोकतंत्र को गंभीर खतरा है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  आज 25 फरवरी का राशिफल : मीन राशि के जातकों का स्वास्थ्य के लिहाज से दिन राहत देने वाला हो सकता है  
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in राष्ट्रीय

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING