राष्ट्रीय
हिंदी व मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन
सीएन, मुंबई। हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। गुरुवार सुबह गोवा स्थित उनके आवास पर उन्हें गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया। इसके बाद उन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, नाना पाटेकर को गोवा के डोना पाउला स्थित उनके घर पर बेहोशी की हालत में पाया गया था। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सुबह करीब 5:20 बजे डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि की। अस्पताल के डॉक्टर डॉ. शेखर सालकर के अनुसार मामले को मेडिको-लीगल केस के तौर पर दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम कराया जाएगा। नाना पाटेकर लंबे समय से हिंदी और मराठी फिल्मों में सक्रिय थे। अपने दमदार अभिनय और प्रभावशाली संवाद अदायगी के लिए उनकी अलग पहचान थी। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘प्रहार’, ‘अब तक छप्पन’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं। उन्हें पद्म श्री समेत कई सम्मान मिले थे। नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


















































