Connect with us

उत्तराखण्ड

सरकार-प्रशासन और उनकी आड़ में पनप रहे कम्पनी राज के खिलाफ मन्दोदरी का मोर्चा

चमोली जिले के हेलंग में कम्पनी की शह पर पर पुलिस द्वारा घसियारी का गठ्ठर छिनने का मामला
राजीव लोचन साह, नैनीताल।
चमोली का जिला प्रशासन, जो कुछ समय पूर्व तक निर्दयी और निष्ठुर था, एकाएक बहुत उदार और आत्मीय हो गया है। 26 जुलाई को कारगिल दिवस के महत्वपूर्ण कार्यक्रम छोड़ कर एक एडीएम साहब हेलंग गाँव में श्रीमती मंदोदरी देवी के घर पहुँचे। उन्होंने मंदोदरी देवी से कहा कि वे तो अपना पर्यावरण बचाने के लिए महत्वपूर्ण काम कर रही हैं। अब उनकी चारागाह में कोई भी मलवा नहीं डालेगा। यदि कोई इस बात को न माने तो वे आधी रात को भी एडीएम साहब को फोन कर सकती हैं। यह वही जिला प्रशासन है, जिसके आदेश पर 15 जुलाई को पुलिस और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने मंदोदरी देवी और उनकी साथ की घसियारियों के न केवल घास के गट्ठर छीने, बल्कि उनके साथ बदसलूकी भी की। उन्हें घण्टों हिरासत में रखा और पीने के लिए पानी तक नहीं दिया। इन औरतों के साथ एक छोटी सी बच्ची भी हवालात में भूख-प्यास से तड़पती रही। इस घटना के वीडियो वायरल हो जाने पर पूरे उत्तराखंड में लोगों का खून खौल उठा। जगह-जगह इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हुए और ज्ञापन दिये गए। पुराने आंदोलनकारियों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बना कर एक दूसरे से संपर्क किया। तथ्यान्वेषण तथा हेलंग की महिलाओं से एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए ‘हेलंग चलो’ का आह्वान किया गया। 24 जुलाई को उत्तराखंड के कोने-कोने से दर्जनों लोग, जिनमें पूर्व आंदोलनकारी, समाजसेवी, पत्रकार, वकील और छात्र-युवा शामिल थे, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हेलंग पहुँचे। उन्होंने वहाँ जुलूस निकाला और सभा की। सभा में भारी संख्या में स्थानीय लोगों, जिनमें महिलाओं का आधिक्य था, ने शिरकत की। ये लोग पटवारी द्वारा सभा में न जाने के स्पष्ट निर्देश दिये जाने के बावजूद आये थे। कुछ लोग डर कर नहीं भी आये। सभा में तमाम लोगों के साथ मन्दोदरी देवी ने भी अपनी बात रखी। इस प्रतिरोध का खासा असर हुआ। कांवड़ियों के चरण पखारने और उन पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा करवाने की व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री के हृदय में अपने प्रदेश की घसियारियों के प्रति ममता जगी और उन्होंने गढ़वाल कमिश्नर को इस घटना की जाँच के आदेश दे दिये। महिला आयोग ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। आंदोलकारी सरकार-प्रशासन के इस हृदय परिवर्तन से सन्तुष्ट नहीं हैं। वे जिलाधिकारी के स्थानांतरण और घटना के दोषी अधिकारियों-जवानों को दण्डित करने की माँग कर रहे हैं। वे बाँध निर्माण करने वाली कंपनियों, जो इस घटना के मूल में हैं, पर नकेल कसने और इस घटना की जाँच हाई कोर्ट के जज से करवाने की माँग कर रहे हैं। रेणी, जहाँ पचास साल पहले गौरा देवी ने ‘चिपको’ का बिगुल फूँका था, हेलंग से ज्यादा दूर नहीं है। गौरा देवी को अब देश का बच्चा-बच्चा जानता है। उत्तराखंड में उनके नाम से सरकार हर साल एक प्रतिष्ठित पुरस्कार देती है। गौरा देवी ने अविभाजित उत्तर प्रदेश सरकार की शह पर काम कर रही साइमंड कम्पनी के खिलाफ आन्दोलन शुरू किया था। मन्दोदरी जनता के संघर्ष से बने स्वशासित उत्तराखंड के सरकार-प्रशासन और उनकी आड़ में पनप रहे कम्पनी राज के खिलाफ मोर्चा ले रही हैं।

Continue Reading
You may also like...

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING