Connect with us

उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिला अस्पताल ने रचा नया इतिहास : पहली बार हुआ दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का सफल ऑपरेशन

सीएन, अल्मोड़ा। पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार दूरबीन विधि से एपेंडिक्स का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह ऑपरेशन जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं उनकी टीम द्वारा सफलता पूर्वक किया गया।मरीज शुभम पाण्डे (22 वर्ष) पिछले लगभग तीन महीनों से असहनीय पेट दर्द से पीड़ित थे। आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से सफल ऑपरेशन के बाद मरीज को मात्र एक दिन में स्वस्थ अवस्था में डिस्चार्ज कर दिया गया। मरीज एवं उनके परिजनों ने चिकित्सकों और पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफलता के केंद्र में रहे डॉ. अमित सुकोटी को क्षेत्र के अत्यंत कुशल एवं आधुनिक तकनीकों में पारंगत सर्जनों में माना जाता है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस दक्षता और आत्मविश्वास के साथ इस जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया, वह जिला चिकित्सालय के लिए गर्व का विषय है।विशेष बात यह है कि डॉ. अमित सुकोटी रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक तकनीक का भी अनुभव रखते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सरकार द्वारा जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को आवश्यक आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित स्टाफ एवं तकनीकी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएं, तो भविष्य में रोबोटिक सर्जरी जैसी सुविधाएं भी यहां शुरू हो सकती हैं। इससे कुमाऊं क्षेत्र के हजारों मरीजों को महानगरों की ओर जाने से राहत मिलेगी और अल्मोड़ा आधुनिक चिकित्सा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। डॉ. अमित सुकोटी ने बताया कि भविष्य में जिला चिकित्सालय में हर्निया के मरीजों का भी आईपीओएम विधि से लेप्रोस्कोपिक उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव, शीघ्र रिकवरी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय में आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सुविधा शुरू करवाने में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने लंबे समय से लगातार प्रयास करते हुए जिला अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक मशीन एवं जनरल एनेस्थीसिया मशीन उपलब्ध करवाने हेतु शासन और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष लगातार आवाज उठाई। इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्हें कई बार विभागीय अधिकारियों से पत्राचार करना पड़ा तथा सूचना के अधिकार का भी प्रयोग करना पड़ा। उनके निरंतर प्रयासों और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप आज अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की दिशा में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष से ही जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में लेप्रोस्कोपिक दूरबीन विधि द्वारा गोलब्लैडर (Gallbladder) के सफल ऑपरेशन लगातार किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिली है और उन्हें उपचार के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ रहा। इस उपलब्धि पर प्रमुख अधीक्षक डॉ. एचसी गड़कोटी ने ऑपरेशन में शामिल पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा सीमित संसाधनों में भी मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऑपरेशन टीम में डॉ. अमित सुकोटी (जनरल सर्जन), डॉ. पल्लवी चौहान (निश्चेतक), नर्सिंग स्टाफ सरिता, प्रियंका एवं नेहा, वार्डबॉय धर्मेन्द्र, राजेन्द्र बिष्ट तथा शोभा शामिल रहे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि मैं उन सभी डॉक्टरों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस जनहित कार्य को संभव बनाने में सहयोग दिया।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING