क्राइम
अवैध नशे के खिलाफ अभियान : ₹चार लाख मूल्य की चरस के साथ एक धरा
सीएन, हल्द्वानी। नैनीताल जिला पुलिस और एसओजी की टीम ने अवैध नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक नशे तस्कर को चार लाख रुपए मूल्य की चरस के साथ गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस डॉ मंजूनाथ टीसी के जनपद के थाना प्रभारियों को नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने एवं तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षकहल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा विमल कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम के नेतृत्व में थाना काठगोदाम पुलिस एवं एसओजी टीम द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना काठगोदाम पुलिस एवं (एसओजी) की संयुक्त टीम द्वारा दमुवाढूंगा क्षेत्र में जगन्नाथ कॉलोनी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग के बगल वाली गली में चेकिंग के दौरान अभियुक्त इन्द्रजीत सिंह पुत्र नारायण दास निवासी वार्ड नं0 13 हरिपुर कर्नल वार्ड, आवास विकास टेड़ी पुलिया काठगोदाम जनपद नैनीताल, स्थायी पता ग्राम व पोस्ट सिमलिया तहसील मिलक जिला रामपुर उ0प्र0 उम्र 47 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से दो किलो 14 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना काठगोदाम में धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह गमले बेचने का कार्य करता है तथा अन्य स्थानों पर खेती-बाड़ी का कार्य मिलने पर मजदूरी एवं खेती संबंधी कार्य भी करता है। पूछताछ में यह भी प्रकाश में आया कि बरामद चरस अभियुक्त को उसके परिचित व्यक्ति द्वारा बिक्री हेतु दी गई थी, जिसके संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसके खिलाफ वर्ष 2010 में थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक, थाना काठगोदाम कांस्टेबल टीका राम, अशोक रावत (एसओजी), भानु प्रताप (एसओजी) शामिल थे।












































