Connect with us

क्राइम

उत्तराखंड : लुटेरी दुल्हन पति को नशीला पदार्थ खिला कर नगदी व जेवरात लेकर हो रही थी रफूचक्कर, ग्रामीणों ने चार साथियों सहित दबोचा

सीएन, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के बहादराबाद में शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन पर पति को चाय में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और साथियों के साथ नकदी-सामान लेकर फरार होने का आरोप लगा है। सुबह भागते समय ग्रामीणों ने पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बहादराबाद के दौलतपुर में मंगलवार को शादी के बाद बुधवार रात दुल्हन ने पति को चाय में नशीला पाउडर घोलकर पिला दिया। पति के बेहोश होने के बाद गुरुवार सुबह वह साथियों के साथ घर से नकदी और सामान लेकर फरार होने लगी। इसी दौरान पीड़ित के भाई ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। ग्रामीणों ने पीछा कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची बहादराबाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपये, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद हुआ है। घटना में प्रयुक्त वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार ग्राम कोटवा, थाना कटरा, मिर्जापुर यूपी निवासी रुकमीना (21) की दौलतपुर निवासी योगेश पुरी से शादी हुई थी। आरोप है कि बुधवार रात घरवालों के सोने के बाद रुकमीना ने पति को चाय में नशीला पाउडर घोलकर पिला दिया। इसके बाद योगेश के बेहोश होने पर वह गुरुवार तड़के साथियों के साथ नकदी और सामान लेकर घर से निकल गई।पीड़ित के भाई प्रवेश पुरी ने दुल्हन को घर से निकलते देखा तो शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए और आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद प्रवेश पुरी ने बहादराबाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांचों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने रुकमीना के अलावा अब्दुल बारी निवासी ग्राम पासिया राजा, मिर्जापुर यूपी, रागिनी पाल और पुनीत कुमार निवासी शिवनगर, झिंझाना, शामली यूपी तथा फतेह सिंह मीना निवासी हबीबपुर, भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया। एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल और नशीला पाउडर बरामद हुआ है। प्रवेश पुरी ने बताया कि उनका छोटा भाई योगेश पुरी 38 वर्ष का है। माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। योगेश की शादी के लिए लंबे समय से रिश्ता तलाशा जा रहा था। इसी दौरान उनकी मुलाकात तुगलपुर निवासी पंकज गिरी से हुई। प्रवेश ने भाई के लिए रिश्ता बताने को कहा था। इसके बाद पंकज गिरी की सास गीता देवी ने रुकमीना समेत अन्य लोगों से मिलवाया था। इसके बाद शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी की पहली रात रुकमीना ने पति के साथ सोने से मना कर दिया था। उसने माहवारी होने की बात कहकर अलग सोने की बात कही। आरोप है कि दूसरी रात सोने से पहले उसने पति की चाय में नशीला पाउडर मिला दिया। पति के बेहोश होने के बाद वह साथियों के साथ घर से नकदी और सामान लेकर निकल गई। हालांकि दौलतपुर के पास ही ग्रामीणों ने पांचों को पकड़ लिया। प्रवेश पुरी ने बताया कि वह इंद्रलोक कॉलोनी, सिडकुल स्थित कार्यालय में काम करते हैं। 22 सितंबर को पांचों आरोपी कार्यालय पहुंचे और रुकमीना को लड़की बताते हुए योगेश से शादी की बात कही। सहमति बनने के बाद उसी दिन शाम को कार्यालय में ही जयमाला कराई गई। इसके बाद रात करीब एक बजे सभी दौलतपुर स्थित घर पहुंचे और सो गए। अगले ही दिन रात में पति को नशीला पदार्थ देने का आरोप है।

More in क्राइम

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING