नैनीताल
काठगोदाम की अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने यूजीसी नीट में हासिल की शानदार सफलता
सीएन, काठगोदाम/नैनीताल। काठगोदाम निवासी अधिवक्ता शिवानी पुजारी, ने यूजीसी नीट जून 2026 की परीक्षा में विधि विषय से शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी यूजीसी नीट जून 2026 के स्कोरकार्ड के अनुसार शिवानी पुजारी ने विधि (ला) विषय में 300 में से 182 अंक प्राप्त किए तथा 97.69 परसेंटाइल हासिल किया। उन्होंने असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी में प्रवेश के लिए यूजीसी नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस परीक्षा में देशभर से विधि विषय के 25,619 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। शिवानी वर्ष 2022 से अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं और मुख्य रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में विधि व्यवसाय से जुड़ी हुई हैं। इसी दौरान उन्होंने अपनी एलएलएम की पढ़ाई भी पूरी की। एलएलएम के अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए उन्होंने यूजीसी नीट की परीक्षा दी। विशेष बात यह है कि यह उनका यूजीसी नीट का पहला प्रयास था, जिसमें उन्होंने अपनी पहली ही कोशिश में शानदार सफलता हासिल की। अपनी सफलता पर शिवानी पुजारी ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन तथा अपने मित्रों के निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार और शुभचिंतकों ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया और कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शिवानी पुजारी की इस उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यूजीसी नीट में पहली ही कोशिश में मिली यह सफलता उनके विधि व्यवसाय के साथ-साथ अकादमिक क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।













































