नैनीताल
भूमियाधार में अक्सोड़ा वाहन मार्ग की मरम्मत, अधूरी जल जीवन मिशन योजना को पूरा करने सहित अन्य समस्याओं के साथ बुधवार को वोट नही के नारे के साथ गांव में ही धरना देंगे ग्रामीण
सीएन, नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जनपद मुख्यालय से सटे ग्राम भूमियाधार में अक्सोड़ा वाहन मार्ग की बदहाली व खतरनाक सड़क की मरम्मत, अधूरी जल जीवन मिशन योजना को पूरा करने सहित अन्य समस्याओं के साथ बुधवार को वोट नही के नारे के साथ विधायक सरिता आर्य के गांव के लोग गांव में ही धरना देंगे। मालूम हो कि भाजपा विधायक सरिता आर्य इस गांव की निवासी भी हैं। हर घर नल हर घर जल योजन एक साल से अधूरी है। बीते दिन प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने यह भी ऐलान किया कि यदि उनकी समस्याओं का निदान नही हुआ तो वह आने वाले चुनावों का बहिष्कार करेंगे। अगर पानी की योजना व अक्सोड़ा मार्ग का जीणोद्धार नही किया गया तो वह बुधवार को गांव में ही अनशन में बैठ जायेंगे। मनीष बिष्ट, गौरव बिष्ट, छात्र संघ पदाधिकारी करन कुमार, पंकज बिष्ट, उदय कुमार, नीरज बिष्ट, प्रकाश बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, अधिवक्ता आकाश बिष्ट, गणेश आर्य, गौरव कुमार, रोहित कुमार, उदय कुमार, अर्जुन, दिव्यांशु, तुषार कुमार सहित अनेक ग्रामीणों का कहना है कि मंडल मुख्यालय से सटे भूमियाधार की जनप्रतिनिधियों, शासन प्रशासन द्वारा लगातार उपेक्षा की जा रही है। आज हालत यह है कि भूमियाधार में अक्सोड़ा वाहन मार्ग की बदहाली व खतरनाक सड़क की मरम्मत पिछले डेढ़ दशक से नही की गई है। इस मार्ग में वाहन तो क्या पैदल भी चलना दुश्वार हो चुका है। पिछले दो वर्षों से अधूरी जल जीवन मिशन योजना ठप्प क। है। भूमियाधार के तोक खूपी में भूस्खलन की विशाल समस्या को नजर अंदाज किया गया है। भूमियाधार में पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। शिवमंदिर के समीप राजकीय इंटर कालेज के तीन कक्ष बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, यहां कभी भी जानमाल का खतरा बच्चों पर मडरा रहा है। इधर ग्राम प्रधान मीनाक्षी टम्टा ने कहा कि ग्राम की तमाम समस्याओं को लेकर ब्लाक कार्यालय से लेकर संबंधित विभागों व शासन प्रशासन तक कई बार लिखित दिया जा चुका है। लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नही की गई है।











































