पर्यावरण
सिटी वेल्फेयर क्लब नैनीताल के आह्वान पर पौंधारोपण अभियान चलाया
सीएन, भवाली/नैनीताल। सिटी वेल्फेयर क्लब नैनीताल के आह्वान पर आयोजित पौंधारोपण अभियान के माध्यम से सभी नागरिकों से श्रावण मास के पावन अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम संयोजिका पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खष्टी बिष्ट ने कहा कि आज विकास की तेज़ रफ्तार के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम प्रकृति के संरक्षण के प्रति सजग नहीं होंगे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण, शुद्ध जल और स्वच्छ वायु का संकट और गहरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रावण मास प्रकृति, हरियाली और जीवन के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक है। ऐसे पावन अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है। यही प्रयास पर्यावरण संरक्षण को वास्तविक रूप से सफल बनाएगा। यह अभियान नैनीताल और भवाली क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने, जलवायु संतुलन बनाए रखने और लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। लेक सिटी वेल्फेयर क्लब का यह प्रयास समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। अंत में कार्यक्रम संयोजक खष्टी बिष्ट ने लेक सिटी वेल्फेयर क्लब के सभी सम्मानित सदस्यों, सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं अभियान से जुड़े सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह वृक्षारोपण अभियान सफल होगा और नैनीताल तथा भवाली क्षेत्र को अधिक हराभरा, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने सभी से अपील की कि इस सावन एक पौधा अवश्य लगाएं, उसका संरक्षण करें और पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर संयोजक खष्टी बिष्ट, सहसंयोजक प्रगति जैन, अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, रानी साह, विनीता, प्रेमा अधिकारी, गीता शाह, संतोष शाह, गुप्ता जी सहित लेक सिटी वेलफेयर क्लब के समस्त मातृशक्ति उपस्थित थी।




















