धर्मक्षेत्र
जागेश्वर धाम से जुड़ी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी का जन विरोध के बाद प्रशासन व विशेषज्ञ समिति ने अपने हाथ पीछे खींचे
सीएन, अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा मुख्यालय के निकटवर्ती विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम से जुड़ी प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की तैयारी का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। आरोप है कि स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना पुरातत्व विभाग की टीम इन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुजारी, व्यापार मंडल और क्षेत्रीय नागरिक एकजुट हो गए और विरोध दर्ज कराया। स्थानीय लोगो ने 28 नवंबर को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को पत्र भेजकर मूर्तियों को यहां से न हटाने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ये मूर्तियां जागेश्वर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। लोगों ने विभाग से लिखित आश्वासन मांगा है कि किसी भी मूर्ति को यहां से नहीं हटाया जाएगा। मांग पूरी नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने संग्रहालय के गेट पर धरना-प्रदर्शन और अनशन शुरू करने की चेतावनी दीI भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा नई दिल्ली स्थित युग-युगीन भारत संग्रहालय में प्रदर्शनी के प्रस्ताव के क्रम में कुछ प्राचीन मूर्तियों की वर्तमान स्थिति के परीक्षण एवं पूर्व मूल्यांकन हेतु विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी। 28 नवंबर 2026 को विशेषज्ञ समिति के जागेश्वर पहुंचने पर स्थानीय पुजारियों एवं नागरिकों द्वारा मूर्तियों से जुड़ी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं एवं ऐतिहासिक विरासत के संबंध में अपनी भावनाओं से अवगत कराया गया तथा मूर्तियों के हटाए जाने का प्रबल विरोध किया। स्थानीय जनभावनाओं एवं वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए विशेषज्ञ समिति द्वारा प्रस्तावित मूल्यांकन एवं भौतिक परीक्षण की कार्रवाई नहीं की गई है। समिति ने अपने प्रतिवेदन में वर्तमान परिस्थितियों में चयनित मूर्तियों को अग्रिम अनुशंसा हेतु नामित नहीं किए जाने की बात कही है। इस संबंध में प्रतिवेदन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को प्रेषित किया गया है। जिलाधिकारी ने भी इस संपूर्ण प्रकरण एवं स्थानीय जनभावनाओं के संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को अवगत करा दिया है। फिलहाल जन विरोध के समक्ष प्रशासन एवं विशेषज्ञ समिति ने अपने हाथ पीछे खींच लिए हैं।



















































