नैनीताल
उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न, राज्यपाल डॉ. बिसेन ने दी उपाधियां
सीएन, हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में उत्तराखण्ड के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई। समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। माननीय राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया। मुख्य दीक्षांत समारोह का संचालन विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट ने किया। प्रारंभ में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन, माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विशिष्ट अतिथि प्रो. नागेश्वर राव तथा मानद उपाधि प्राप्तकर्ता श्री अश्वनी लोहनी का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्णतः साक्षर राज्य बना है। उन्होंने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूर्ण करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ डिजिलॉकर के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि तथा 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जा रहे हैं। इन 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं। अपनी प्रगति रिपोर्ट में कुलपति ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, शोध एवं सामुदायिक पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में 8 क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है तथा इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें डिप्लोमा इन भगवद्गीता स्टडीज, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊँनी, गढ़वाली, नेपाली एवं जापानी भाषा के पाठ्यक्रम शामिल हैं।


















































