शिक्षा
उत्तराखंड : जेन जी-जेन अल्फा का करंट : छात्राओं ने लगाये टीचर दो के नारे-वीडियो वायरल हुआ तो हो गई शिक्षकों की तैनाती
सीएन, नैनीताल। दिल्ली के जंतरमंतर में काक्रोच.व जेन जे का आन्दोलन का ही असर है कि जेन जे.जेन अल्फा का खौफ हर जगह छाया हुआ है। एक इंटर कालेज की बालों ने सिस्टम के खिलाफ बगावत कर टीचर दो के नारे के साथ प्रदर्शन किया। इसका वीडियो वायरल हुआ तो शिक्षा विभाग ने 72 घंटे के अंदर सात शिक्षकों की तैनाती कर दी। यह मामला उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के बेतालघाट स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज है। लंबे समय से शिक्षकों की कमी से परेशान छात्राओं ने पढ़ाई के अधिकार के लिए आवाज उठाई। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और उनकी ‘टीचर दो’ की मांग सिस्टम तक पहुंच गई। अब छात्राओं की इस आवाज का असर भी दिखाई देने लगा है। शिक्षा विभाग ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बेतालघाट में कुल 7 अतिथि शिक्षकों की तैनाती के निर्देश जारी किए हैं। इनमें 4 अतिथि प्रवक्ता और 3 अतिथि सहायक अध्यापक शामिल हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल आर.एस. नेगी के अनुसार, वार्षिक स्थानांतरण के फलस्वरूप रिक्त हुए पदों के सापेक्ष इन अतिथि शिक्षकों को नितान्त अस्थायी रूप से समायोजित किया गया है। अतिथि प्रवक्ता के चार पदों पर राजनीति विज्ञान में मंजू सुनौरी, अंग्रेजी में सपना गोस्वामी, अर्थशास्त्र में शिखा पाण्डेय और हिन्दी में मुन्नी देवी को तैनाती दी गई है। वहीं अतिथि सहायक अध्यापक एलटी के तीन पदों पर व्यायाम में हंसा शर्मा, विज्ञान में तृप्ता जोशी और हिन्दी में हेमा देवी को नियुक्त किया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी सात अतिथि शिक्षकों को संबंधित विद्यालय में एक सप्ताह के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इन शिक्षकों को शिक्षण कार्य के लिए प्रतिमाह 25 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। हालांकि विभाग ने साफ किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी होगी। नियमित नियुक्ति, सीधी भर्ती, पदोन्नति या स्थानांतरण होने के बाद अतिथि शिक्षकों की यह व्यवस्था स्वतः समाप्त हो जाएगी। दरअसल, बेतालघाट बालिका इंटर कॉलेज में लंबे समय से शिक्षकों के पद रिक्त होने के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत सामने आ रही थी। कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं की छात्राएं शिक्षकों की कमी से परेशान थीं। शुक्रवार को छात्राओं ने विद्यालय की छुट्टी के बाद शिव मंदिर परिसर में सांकेतिक प्रदर्शन किया था। अभिभावक संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में छात्राओं ने शिक्षा विभाग और सरकार से खाली पदों को भरने और पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग की। इसी दौरान छात्राओं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे सरकार से ‘टीचर दो’ की मांग करती नजर आईं। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया और अब शिक्षा विभाग ने सात शिक्षकों की तैनाती के निर्देश जारी कर दिए हैं। सवाल यह है कि अब तक विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई मांग को.विभाग ने ठंडे बस्ते में क्यों रखा था।





















































