उत्तराखण्ड
नारी शक्ति के वंदन का शोर मचाने वाली भाजपा के नेताओं के लिए मासूम, निर्दोष बच्चियां गैंगवॉर में इस्तेमाल करने का चीज हैं !
इन्द्रेश मैखुरी, देहरादून। चंपावत में 06 मई 2026 को एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज खबर सामने आई. यह भी खबर आई कि उक्त जघन्य अपराध के आरोपियों में एक भाजपा का पूर्व मंडल उपाध्यक्ष भी है. पूरे उत्तरखंड में इस खबर को लेकर गहरी नाराजगी और आक्रोश उत्पन्न हुआ. प्रदेश भर में इस घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया. लेकिन चौबीस घंटा बीतते-न-बीतते आज 07 मई की शाम को चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने खुलासा करते हुए कहा कि पीड़िता के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और यह एक साजिश थी. हालांकि दिन भर से यह भी चर्चा चलती रही कि पीड़ित परिवार को मामला ख़त्म करने के लिए 50 लाख रूपए का प्रस्ताव आरोपियों की ओर से दिया गया. लेकिन शाम होते-होते चंपावत की पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के सार्वजानिक वक्तव्य ने सारी बातों का पटाक्षेप कर दिया. अभी चूंकि दूसरी कोई बात या तथ्य तात्कालिक तौर पर हमारे सामने नहीं है तो संदेह के भाव के बावजूद, मान लेते हैं कि पुलिस ही सही कह रही है. लेकिन फिर भी भाजपा पर तो कुछ सवाल खड़े होते हैं, कुछ उंगलियां उठती हैं ! चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव कह रही हैं कि कमल रावत ने उक्त मामले का बदला लेने के लिए यह षड्यंत्र रचा. पुलिस पर तो यह सवाल है कि कमल रावत के प्रकरण में तो पुलिस नहीं मानती थी कि मामला फर्जी है तो फिर अदालत में वह अपने केस को क्यों नहीं साबित कर पाई ? उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने केस खारिज कर दिया था तो डबल बेंच में जाती पुलिस. पर ऐसा पुलिस ने कुछ नहीं किया. अगर पुलिस की इस बात को मान लें कि अपने को आरोपी बनाए जाने से खिन्न कमल रावत ने बदला लेने के लिए दूसरों को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फंसाना चाहा तो यह बेहद गंभीर मामला है. पर इस घटनाक्रम में गौर करिए कि भाजपा के एक पूर्व मंडल अध्यक्ष- कमल रावत ने किसको सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में फंसाना चाहा – भाजपा के एक निवर्तमान मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत और दो अन्य को ! यही है भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा ? कमल रावत जब केस से छूट कर आया तब भी उसने भाजपा के ही लोगों पर अपने राजनीतिक करियर को ख़त्म करने का आरोप लगाया ! तो क्या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में भाजपा के भीतर कोई गैंगवॉर चल रही है, जहां एक-दूसरे को ठिकाने लगाने के लिए किसी भी हद तक जाया जा सकता है ? और यह गैंगवॉर सिर्फ चंपावत तक ही सीमित है, या सारे प्रदेश में चरित्र और चेहरे वाले ऐसी ही चाल, एक-दूसरे के खिलाफ चल रहे हैं ? अफ़सोस कि नारी शक्ति के वंदन का शोर मचाने वाली और बेटी बचाओ का नारा उछालने वाली भाजपा के नेताओं के लिए मासूम, निर्दोष बच्चियां, अपने इसे गैंगवॉर में सिर्फ इस्तेमाल करने का चीज भर हैं !















































