उत्तराखण्ड
सीजेपी के दिल्ली प्रदर्शन पर लगाई गई पाबंदियां आपातकाल जैसे हालात : संजय सिंह
सीएन, दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और विपक्षी दलों के प्रस्तावित प्रदर्शन में दिल्ली में लगाई गई सुरक्षा पाबंदियों को लेकर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इन पाबंदियों की तुलना आपातकाल जैसे हालात से की। संजय सिंह ने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं और नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई का जिक्र करते हुए मुख्य न्यायाधीश की उस टिप्पणी को भी याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मक्खी मारने के लिए हथौड़े का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि यदि प्रदर्शनकारी इतने मामूली हैं, तो सरकार उनसे इतना डर क्यों रही है। दरअसल, मेट्रो स्टेशनों को बंद करने और नई दिल्ली व हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर आने वाली ट्रेनों को रद्द करने के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुरक्षा उपायों की आवश्यकता और उनकी सीमा पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार से कहा कि केवल उतने ही प्रतिबंध लगाए जाने चाहिए, जितने जरूरी हों। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली आने वाली ट्रेनों पर रोक से आम लोगों, मरीजों और नौकरी के सिलसिले में यात्रा करने वालों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार मुख्य निर्वाचन आयुक्त को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर सुरक्षा बल तैनात कर रही है। आप सांसद ने ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मतदाताओं के नाम काटने से जुड़े फैसलों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन मुद्दों के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। संजय सिंह ने खुद भी प्रदर्शन में शामिल होने और सीजेपी के आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।














































