मौसम
उत्तराखंड में आंधी-बारिश व ओलावृष्टि पर मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में तीन दिन की देरी से पहुंचा मानसून अब सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून समेत राज्य के सात जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। गुरुवार शाम को राजधानी देहरादून में हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। शुक्रवार को नैनीताल सहित कुमाऊं के विभिन्न स्थानों में सुबह से घने बादल छाये हैं। कहीं कहीं बूंदाबांदी भी शुरू हो गई है।













































