उत्तराखण्ड
बिजली का खंभा लगाने के दौरान करंट लगने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे, हादसे में एक की मौके पर ही मौत
सीएन, देहरादून। उत्तराखंड में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत बिजली का खंभा लगाने के दौरान करंट लगने से पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार, राजधानी देहरादून के पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली संबंधी कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान कर्मचारियों द्वारा लगाया जा रहा खंभा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। खंभे में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे पांच कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में अमरोहा (उत्तर प्रदेश) निवासी उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पप्पू, जसमान समेत चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से सभी को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी कर्मचारी एक ठेकेदार के माध्यम से कंपनी के अधीन कार्यरत थे और आरडीएसएस योजना के तहत खंभा लगाने का काम कर रहे थे। वहीं, घटना के बाद विभाग और संबंधित कंपनी के अधिकारियों ने योजना के कार्य से जुड़ी जिम्मेदारी से दूरी बनानी शुरू कर दी है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। करंट लगने से एक कर्मचारी की मौत हो चुकी थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


































