उत्तराखण्ड
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का असमय जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति : मुख्यमंत्री धामी
गिरिजा शंकर जोशी का असमय निधन सभी के लिए अपूरणीय क्षति: कमलेश भट्ट
सीएन, नैनीताल/हल्द्वानी। जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में सोमवार को दिवंगत जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर नगर के पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शोक सभा आयोजित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री मीडिया को ऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी सदैव अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहते थे। वह हर परिस्थिति में मजबूती के साथ खड़े रहने वाले और दिन-रात पूरी निष्ठा से कार्य करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय हम सभी के बीच से चले जाना बेहद पीड़ादायक और दुखद है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का निधन व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए गहरा आघात है। उन्होंने अपने कार्य, व्यवहार और सहज व्यक्तित्व से जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक लोगों के बीच स्मरणीय रहेगी। उनका योगदान और उनकी कार्यशैली हमेशा याद की जाएगी। शोक सभा में उपस्थित पत्रकारों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव रखा कि जिला सूचना कार्यालय नैनीताल में नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का नाम तथा कुमाऊं के मुख्य द्वार हल्द्वानी में निर्माणाधीन नवीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान को याद रख सकें। पत्रकारों के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार कमलेश भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय जोशी की स्मृतियों और उनके उल्लेखनीय कार्यों को स्थायी रूप से यादगार बनाने के लिए ये सभी माँग मुख्यमंत्री तक तत्काल पहुंचाई जाएंगी। इस अवसर पर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई। शोक सभा में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम नारायण, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रेक बिष्ट, किशोर जोशी, अफजल हुसैन फ़ौजी, रवि पाण्डे, दामोदर लोहनी, कमल जगाती, तेज सिंह, गौरव जोशी, सुनील बोरा, वीरेन्द बिष्ट, नरेश कुमार, संदीप कुमार, पंकज कुमार, नवीन तिवारी, राजू पाण्डे, सुरेश कांडपाल, शीतल तिवारी, गुड्डू ठठोला, तनुज पाण्डे, आकांक्षी, योगिता तिवारी, दीप्ती बोरा, सुमन सहित नगर के पत्रकारगण, सूचना विभाग के पवन नेगी, उमेद जीना, मोहन फुलारा, योगेश, हेमा दानू उपस्थित।
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में आयोजित शोक सभा को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष के माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “ऐसा कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह श्रद्धांजलि देनी पड़ेगी। गिरिजा शंकर जोशी जी हर समय खड़े रहने वाले और निरंतर काम करने वाले व्यक्ति थे। उनका इस तरह असमय चले जाना बेहद दुःखद है। मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत आहत हूं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी का जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी जी भले ही इस संसार से चले गए हैं, लेकिन स्वर्गीय जोशी ने अपने कार्यों और व्यवहार से जो पहचान बनाई, वह सदैव स्मरण में रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी का नाम और उनके कार्य आने वाले समय में भी लोगों को याद रहें, इसके लिए सभी से चर्चा कर आवश्यक कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित समस्त पत्रकारों ने दूरभाष पर जुड़े मुख्यमंत्री पुष्कर से धामी से सामूहिक रूप से प्रस्ताव रखा कि हल्द्वानी में बन रहे नवीन मीडिया सेंटर का नामकरण स्व. गिरिजा शंकर जोशी के नाम पर किया जाए। जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि स्वर्गीय जोशी व उनकी यादें, अच्छे कार्य आने वाले समय में भी स्मरणीय बनाने के लिए विचार विमर्श कर सभी की सहमति से कार्य किया जाएगा। श्रद्धांजलि सभा में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला, मीडिया कोऑर्डिनेटर कमलेश भट्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, कोषाधिकारी द्वारिका प्रसाद वर्मा, सूचना अधिकारी मीडिया सेंटर अहमद नदीम सहित समस्त पत्रकारगण, सूचना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















































