अंतरराष्ट्रीय
तिब्बत में ग्लेशियर झील फटने से नेपाल में भारी तबाही, कई गांव व प्रोजेक्ट साइट्स बहे, एक हजार लोग लापता
सीएन, काठमांडू। तिब्बत (चीन) में ग्लेशियर झील फटने की खबर के बाद नेपाल के चीन सीमा से लगे रसुवा इलाके में अचानक तेज रफ्तार से बाढ़ आने की जानकारी सामने आई है. नेपाल के स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 9 बजे रसुवा के टिमुरे और आसपास के इलाकों में बाढ़ से भारी नुकसान की खबर है. करीब 1000 लोगों के बहने की जानकारी भी सामने आ रही है. अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि हिमालयी देश नेपाल में तिब्बत की सीमा से लगे इलाके में अचानक आई जबरदस्त बाढ़ ने कई गांवों और प्रोजेक्ट साइट्स को बहा दिया. उन्होंने भारी नुकसान की आशंका जताते हुए नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की. सरकारी अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी जिले के रसुवा के स्याप्रु बेसी और तिमुरे इलाके बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. साथ ही उन्होंने भोटे कोशी नदी के किनारे रहने वाले लोगों से ज्यादा सावधानी बरतने की बात कही है. जिला प्रशासक नरेंद्र परियार ने रॉयटर्स को बताया कि हमें गांवों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट साइट्स के बह जाने की खबरें मिली हैं. उन्होंने कहा कि अभी जान-माल के नुकसान का कोई पक्का अनुमान उपलब्ध नहीं है. हालांकि, उन्होंने कहा कि भारी जानमाल का नुकसान हो सकता है, लेकिन अभी मैं पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता. प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए बचाव दलों के साथ-साथ पुलिस और सेना को भी भेजा गया है. उन्होंने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा, सरकार ने अपने बयान में कहा कि नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ज्यादा सावधानी बरतें और सतर्क रहें. भोटे कोशी नदी तिब्बत से निकलती है और नेपाल की त्रिशूली नदी में मिलती है, जो आगे चलकर भारत में गंडक नदी के रूप में बहती है. पिछले साल भोटे कोशी नदी में आई बाढ़ में नौ लोगों की मौत हो गई थी और 24 लोग लापता हो गए थे. इस बाढ़ ने नेपाल और चीन को जोड़ने वाले ‘फ्रेंडशिप ब्रिज’ को भी बहा दिया था, जिससे कई महीनों तक ट्रांसपोर्ट और व्यापार ठप रहा था. क्षेत्रीय जलवायु निगरानी संस्था के अनुसार, वह बाढ़ तिब्बत में एक सुप्राग्लेशियल झील (ग्लेशियर के ऊपर बनी झील) का पानी अचानक निकलने के कारण आई थी.
















































