नैनीताल
ऑरेंज अलर्ट के दृष्टिगत कल 31 अगस्त को जनपद नैनीताल में कक्षा 1 से 12 तक के समस्त विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम रयाल ने जारी किया आदेश
सीएन, नैनीताल। निदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी किए गए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में सोमवार 31अगस्त 2026 को “ओरेंज अलर्ट की चेतावनी जारी की गई है। जिसके अनुसार जनपद क्षेत्रान्तर्गत कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की सम्भावना व्यक्त की गई है। वर्तमान में जनपद के समस्त पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है, जिसके फलस्वरूप जनपद क्षेत्रान्तर्गत नदियों, नालों, गधेरों में तेज जल प्रवाह होने एवं संवेदनशील स्थलों में भू-स्खलन होने की सम्भावना है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। इसको देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी व अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल द्वारा सोमवार दिनांक 31 अगस्त 2026 को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 01 दिवसीय अवकाश घोषित किये जाने के आदेश पारित किये गये हैं। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए 31 अगस्त सोमवार को जनपद नैनीताल क्षेत्रान्तर्गत समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्र बंद रहेंगे, साथ ही विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक व शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ हेतु भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। उक्त आदेश नैनीताल शहर क्षेत्रान्तर्गत संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थाओं एवं विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राओं हेतु शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देशित किया है कि उपरोक्त समस्त शैक्षणिक संस्थाओं एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में उक्त आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करायेंगे। विचलन की दशा में सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।















































