उत्तराखण्ड
अभद्र गायक को आमंत्रित कर उत्तराखंड को शर्मसार करने वाले आयोजक व सरकार की चुप्पी निराशाजनक : खष्टी बिष्ट
सीएन, नैनीताल। महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट ने बीते दिनों देहरादून के डीएवी कालेज के छात्रसंघ वार्षिकोत्सव में हरियाणा के गायक द्वारा मंच से अभ्रदपूर्ण प्रदर्शन पर तंज करते हुए कहा कि उत्तराखंड के नामचीन सांस्कृतिक गीतकारों के स्थान पर अभद्र गीतकारों को आमंत्रित कर उत्तराखंड को शर्मसार करने वाले आयोजक और सरकार की चुप्पी निराशाजनक है। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि समझ में यह नहीं आता है कि कैसे तो आयोजक हो गए हैं और कैसी तो सरकार जो एक अभद्र गायक की मेहमान नवाज़ी पर पूरे अमले के साथ आनंद ले रहे हैं। व्यक्तिगत समस्या के साथ उत्तराखंड की पावन भूमि में माँ शारदा के आंगन में गाली गलौज करने वाले गायक मासूम शर्मा का व्यवहार बेहद निराशाजनक और आपत्तिपूर्ण है। हरियाणवी स्टेज गायक मासूम शर्मा ने डीएवी कॉलेज के कार्यक्रम में अभद्र और अशोभनीय गालियाँ देकर उत्तराखंड को शर्मसार किया। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष खष्टी बिष्ट इस घटना का सख़्त विरोध करते हुए घोर निंदा करती हैं। पवनदीप राजन, नरेंद्र नेगी, जुबिन नौटियाल, मीना राणा, माया उपाध्याय, जैसे चिरपरिचित सांस्कृतिक गीतकारों को छोड़कर अशोभनीय गीत गाने वाले हरियाणवी गायक को बुलाकर अपनी भद्द पिटवाने वाले आयोजक और मंच साझा करने वाली सरकार चुप है। आख़िर क्या हो गया है हमारी पीढ़ी को जो इन असभ्य कुसंस्कारी गीत-बोलो की तरफ़ भाग रहे हैं। ऐसे अश्लील आपत्तिजनक भाषा पर बीजेपी विधायक मुंह ताकते रहे। प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला असुरक्षा और बेरोज़गारी का दंश झेल रही सरकार के लिए इस प्रकार के कुसंस्कारी लोगों के साथ मंच साझा करना निराशाजनक है।












































